एकेटीयू के जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट में जी.एल. बजाज का जलवा

एथलेटिक्स, टेबल टेनिस और चेस में छात्र-छात्राओं ने हासिल की स्वर्णिम सफलता

मथुरा। जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस मथुरा के छात्र-छात्राएं शिक्षा ही नहीं खेल के क्षेत्र में भी धाक रखते हैं। इस बात को यहां के छात्र-छात्राओं ने हाल ही हिन्दुस्तान कॉलेज में हुई एकेटीयू आगरा मण्डल की जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट की एथलेटिक्स, टेबल टेनिस और चेस स्पर्धाओं में स्वर्णिम सफलता हासिल कर सिद्ध किया।

जी.एल. बजाज संस्थान के स्पोर्ट्स आफीसर लोकेश शर्मा ने बताया कि अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के आगरा मण्डल की सम्भागीय खेल प्रतियोगिताओं में संस्थान के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। कम्प्यूटर साइंस की रश्मि गुप्ता ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्णिम सफलता हासिल की वहीं छात्र वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सीएस चतुर्थ वर्ष के साहिल कुमार को रजत पदक प्राप्त हुआ। 400 मीटर दौड़ में मैकेनिकल के मोहन सिंह रनरअप रहे।

छात्रों की 4 गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में भी जी.एल. बजाज की चौकड़ी चैम्पियन बनी। इस रिले रेस में  साहिल, मोहन सिंह, गौरव उपाध्याय तथा  संकल्प शामिल थे। गोलाफेंक में तुषार दीक्षित प्रथम स्थान पर रहे। तुषार ने 12.5 मीटर दूर तक गोला फेंका। छात्राओं की शॉटपुट प्रतियोगिता में एमबीए की रिया ठाकुर ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

टेबल टेनिस के टीम इवेंट में जी.एल. बजाज के छात्र-छात्राएं चैम्पियन बने। छात्र वर्ग में संकल्प, हर्षित यादव तथा पारस ने जहां बेजोड़ खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता वहीं छात्राओं की टेबल टेनिस में अदिति शर्मा सीएसई प्रथम वर्ष, प्रतिमा कान्त सीएसई तृतीय वर्ष तथा शिवानी अवस्थी सीएसई द्वितीय वर्ष ने स्वर्णिम सफलता हासिल की। चेस में निधि भारद्वाज ईसी तृतीय वर्ष तथा सुभानवी बंसल सीएसई द्वितीय वर्ष ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

खिलाड़ी छात्र-छात्राओं की इस शानदार सफलता पर आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल तथा संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) नीता अवस्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा राज्यस्तरीय स्पर्धा में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं प्रदान कीं।

रिलेटेड पोस्ट्स