हरियाणा ने जीती राष्ट्रीय जूनियर बालिका हॉकी चैम्पियनशिप
झारखंड को दूसरा, मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियों को मिला तीसरा स्थान
खेलपथ संवाद
पुणे। हरियाणा ने 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के फाइनल में झारखंड को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मध्य प्रदेश ने तीसरे-चौथे स्थान के मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 3-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमें जोरदार संघर्ष करती रहीं, लेकिन झारखंड ने 19वें मिनट में मुंदरी सरोज के गोल की मदद से बढ़त बना ली। हरियाणा ने शानदार वापसी करते हुए 23वें मिनट में भाव्या के गोल से स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद 42वें मिनट में खुशी ने गोल कर हरियाणा को बढ़त दिला दी। मैच के अंतिम चरण में झारखंड ने बराबरी का गोल करने के लिए लगातार आक्रमण किए, लेकिन हरियाणा की रक्षापंक्ति ने मजबूती से मुकाबला करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी और खिताब जीत लिया।
तीसरे-चौथे स्थान के मुकाबले में मध्य प्रदेश की ओर से काजल ने 35वें मिनट में पहला गोल किया और इसके ठीक दो मिनट बाद दूसरा गोल कर अपनी टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। फिर 42वें मिनट में तन्वी ने एक और गोल कर मध्य प्रदेश की बढ़त को मजबूत कर दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से 54वें मिनट में यादव शीतल ने एकमात्र गोल किया। मध्य प्रदेश ने अपनी बढ़त बरकरार रखी और कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
झारखंड की हॉकी बेटियों ने किया कड़ा संघर्ष
महाराष्ट्र के पुणे में 13 से 23 अगस्त तक आयोजित 16वीं इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप में झारखंड की टीम उपविजेता रही। खिताबी मुकाबले में झारखंड को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी हरियाणा के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से झारखंड के जूनियर महिला हॉकी टीम खिताबी हैट्रिक बनाने से चुक गई। वहीं, हरियाणा ने 2025 के फाइनल में झारखंड से मिली हार का बदला चुकाते हुए खिताब अपने नाम किया।
राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का शानदार रिकॉर्ड
जूनियर महिला हॉकी में झारखंड का दबदबा लगातार कायम है। 2018 से झारखंड की टीम लगातार फाइनल खेलती आ रही है। इस दौरान टीम ने 2018, 2019, 2024 और 2025 में चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अन्य वर्षों में झारखंड की टीम उपविजेता रही है। 2026 में भी टीम ने फाइनल तक का सफर तय करते हुए रजत पदक हासिल किया। झारखंड की जूनियर महिला टीम वर्ष 2011 से लगातार राष्ट्रीय जूनियर महिला चैम्पियनशिप में पदक जीतती आ रही है, जो महिला हॉकी की मजबूत परंपरा, निरंतरता और प्रतिभा को दर्शाती है।
रजत पदक जीतने वाली झारखंड टीम को खेल निदेशक छवि रंजन, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष असरीता लकड़ा, महानिदेशक विजय शंकर सहित अशोक भगत, अरविंद सिंह, चंद्र्यानी मजूमदार, माइकल लाल, धर्मेंद्र सिंह, सुरजीत झा, दुलारी टोपनो, गुरमित सिंह राव तथा झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने बधाई दी।
