रांची विश्वविद्यालय की बेटियों ने जीता पूर्वी क्षेत्र महिला हॉकी का खिताब
फाइनल में केआईआईटी विश्वविद्यालय भुवनेश्वर को 3-2 से दी शिकस्त, प्रिनी कांडिर की शानदार हैट्रिक
खेलपथ संवाद
रांची। रांची विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब अपने नाम कर लिया। खिताबी मुकाबले में रांची विश्वविद्यालय ने केआईएसएस (KISS) विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर को 3-2 गोल से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रांची की इस ऐतिहासिक जीत की नायिका प्रिनी कांडिर रहीं, जिन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए टीम के तीनों गोल दागे और अपनी हैट्रिक से खिताब पर मुहर लगा दी।
रांची विश्वविद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर हॉकी झारखंड ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी विजेता टीम को बधाई दी है। हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष आश्रिता लकड़ा, डीजी विजय शंकर सिंह सहित संगठन के समस्त पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, कोच और टीम मैनेजर को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कई वर्षों के बाद रांची विश्वविद्यालय की टीम का इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चैंपियन बनना झारखंड की हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और बेहतर टीम भावना का परिणाम है। टीम के खेल में दिखाई दिया आत्मविश्वास विश्वविद्यालय में खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन को भी दर्शाता है।
इस सफलता के लिए रांची विश्वविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. अनिल बीरेंद्र कुल्लू को विशेष बधाई दी गई। हॉकी झारखंड के अनुसार, उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में टीम का बेहतर चयन हुआ तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
हॉकी झारखंड ने रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. सरोज शर्मा को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जा रही है। इसके बाद अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के जरिए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
विश्वविद्यालय की इस सकारात्मक खेल नीति का परिणाम अब सामने आने लगा है। महिला हॉकी टीम की यह खिताबी सफलता उसी प्रयास का सुखद प्रतिफल है। हॉकी झारखंड ने विश्वास व्यक्त किया कि खेलों को बढ़ावा देने की यह पहल राज्य में हॉकी सहित अन्य खेलों को भी नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी।
विजेता टीम की खिलाड़ी: सलोमी कंडूलना, सोनाली तिर्की, सीता कुमारी, सुशीला कुजूर, सिल्विया नाग, प्रिनी कांडिर, कौशल्या कुमारी, एस्थर होरो, रीना कुल्लू, रूपा कुमारी, रीना कुमारी, अनुप्रिया सोरेंग, जमुना कुमारी, बालों होरो, सलोमी नाग, निशा मिंज, स्वीटी डुंगडुंग एवं सपना भेंगरा। कोच: बिनीता तिर्की, टीम मैनेजर: एन्सेलम मिज, मनोज कोनबेगी (महासचिव, हॉकी झारखंड)।
