नवनीत कौर बनीं भारतीय महिला हॉकी टीम की उप-कप्तान

140 अंतरराष्ट्रीय मैच खेेलकर कई खिताब जीतने में की मदद
खेलपथ संवाद
शाहाबाद मारकंडा।
140 अंतरराष्ट्रीय मैच खेेलकर कई खिताब देश के नाम करने वाली शाहाबाद की ओलम्पियन नवनीत कौर को भारतीय महिला हॉकी टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। नवनीत कौर ने टोक्यो ओलम्पिक में शिरकत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। 
फोन पर बातचीत में नवनीत कौर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता कोच बलदेव सिंह को दिया। वर्ष-2022 में नवनीत कौर ने मस्कट में हुए एशिया कप में कांस्य, इंग्लैंड में कॉमनवेल्थ खेलों में कांस्य, स्पेन में हुए एफआईएच नेशन में गोल्ड मेडल देश के नाम किया। वर्ष 2022 में ही स्पेन एवं नीदरलैंड में हुए सीनियर वर्ल्ड कप और एफआईएच प्रो में हिस्सा लिया था। पांचवीं कक्षा में पढ़ते हुए नवनीत कौर ने कोच बलदेव सिंह के पास एसजीएनपी स्कूल में हॉकी की शुरूआत की थी और मात्र 15 वर्ष की आयु में वर्ष 2013 में जूनियर वर्ल्ड कप खेलकर कांस्य पदक जीता था। बातचीत में ओलम्पियन नवनीत कौर ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की तरफ से उप-कप्तान की जो जिम्मेदारी उन्हें मिली है, वह उसे जीजान से निभाएंगी। नई जिम्मेदारी पायदान से कुछ हटकर दिखाने की है, जिसे वह नये जुनून व जोश के साथ पूरा करने का काम करेंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स