वनखंडेश्वर विद्यापीठ धनसुला में गूंजा खेलों का संदेश
मुरैना में खेलों से संवरेगा बच्चों का भविष्यः शशांक दंडौतिया
बाल दिवस पर खेल पत्रकार श्रीप्रकाश शुक्ल ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
विद्यापीठ में खेल सुविधाएं विकसित करने और प्रतियोगिताएं कराने की घोषणा
खेलपथ संवाद
मुरैना। बाल दिवस के अवसर पर वनखंडेश्वर विद्यापीठ, धनसुला (अम्बाह, मुरैना) में खेल, शिक्षा और बाल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती 14 नवम्बर को आयोजित बाल दिवस समारोह में वरिष्ठ खेल पत्रकार एवं खेलों के उत्थान के लिए सतत प्रयासरत श्रीप्रकाश शुक्ल का विशेष आगमन हुआ। मथुरा से बच्चों के बीच पहुंचे श्री शुक्ल ने छात्र-छात्राओं को खेलों के प्रति जागरूक करते हुए उनमें खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन अथवा पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। खेलों से शरीर स्वस्थ रहता है, मन प्रसन्न रहता है और बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा संघर्ष करने का साहस विकसित होता है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ-साथ प्रतिदिन किसी न किसी खेल में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। आवश्यकता है उसे पहचानने, सही दिशा देने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की।
उन्होंने विद्यापीठ के बच्चों को आश्वस्त किया कि यहां शीघ्र ही खेल सुविधाएं विकसित कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराया जाएगा, जिनमें बाहर की टीमों को आमंत्रित किया जाएगा। इससे बच्चों को दूसरे विद्यालयों और क्षेत्रों के खिलाड़ियों के साथ खेलने, अपनी प्रतिभा दिखाने तथा प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास के लिए केवल संसाधनों की चर्चा पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को मैदान तक लाना और उन्हें नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
श्री शुक्ल ने बाल दिवस के अवसर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाल प्रेम और खेल प्रेम का उल्लेख करते हुए कहा कि चाचा नेहरू बच्चों को देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की सबसे अनमोल पूंजी मानते थे। उनका विश्वास था कि बच्चों को प्रेम, स्वतंत्रता, शिक्षा और विकास के समान अवसर मिलने चाहिए। नेहरू जी खेलों और शारीरिक गतिविधियों को भी बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए महत्वपूर्ण मानते थे। उन्होंने कहा कि बाल दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें खेल, कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर भी दें।
इस अवसर पर बालक-बालिकाओं के बीच दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। छोटे-छोटे बच्चों की दौड़ने की ललक, जीतने का उत्साह और मैदान में दिखाई दे रही ऊर्जा देखते ही बन रही थी। बच्चों के उत्साह ने यह साबित किया कि यदि उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी खेल प्रतिभाएं सामने आ सकती हैं।
फिल्ममेकर शशांक डंडोतिया ने भी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह की सराहना की। उन्होंने बच्चों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि खेल जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी रुचि विकसित करने तथा हर अवसर का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं वनखंडेश्वर विद्यापीठ के पुराने गौरव और वैभव को पुनः स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध जयंत सिंह तोमर ने अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान वहां से निकलने वाले संस्कारवान, प्रतिभाशाली और जिम्मेदार विद्यार्थियों से बनती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ शिक्षा एवं खेलों में आगे बढ़कर संस्थान का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजकिशोर सिंह, धर्मवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह बघेल, विद्यालय के निदेशक आर.पी. शर्मा, प्राचार्य मुनेन्द्र सिंह सेंगर, हेडमास्टर चंद्रकांत सिंह, नीलम तोमर, अरुणिमा सिंह, शिक्षक राम अनुज, अनिल सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों और शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बाल दिवस पर आयोजित यह आयोजन बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का अवसर नहीं रहा, बल्कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी पीढ़ी तैयार करने की दिशा में एक सार्थक पहल भी बना। वनखंडेश्वर विद्यापीठ में खेल सुविधाएं विकसित करने और बाहरी टीमों के साथ प्रतियोगिताएं कराने की पहल से क्षेत्र के बच्चों को नई पहचान और बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जगी है।
