ओडिशा ने मध्य प्रदेश को हराकर जीता खिताब, मेजबान को उपविजेता ट्रॉफी

एलएनआईपीई में अस्मिता जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का समापन

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर में आयोजित अस्मिता जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में ओडिशा की टीम ने मध्य प्रदेश को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मध्य प्रदेश की टीम को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।

प्रतियोगिता में बालिका हॉकी खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। ओडिशा की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।

लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में आयोजित अस्मिता जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में ओडिशा, मध्य प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, पंजाब और आंध्र प्रदेश की टीमों ने हिस्सा लिया। खिताबी मुकाबले में ओडिशा ने 2-1 से जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच इससे पहले लीग चरण में भी मुकाबला हुआ था, जिसमें ओडिशा ने मध्य प्रदेश को 2-1 से हराया था। इस तरह ओडिशा ने मध्य प्रदेश के खिलाफ अपनी बढ़त कायम रखते हुए खिताब पर कब्जा किया।

इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। टीम ने हरियाणा को 2-0, आंध्र प्रदेश को 2-0 और कर्नाटक को 5-1 से हराकर अपनी क्षमता का परिचय दिया। कप्तान तन्वी ने टूर्नामेंट में आठ गोल करके गोल स्कोररों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया। मध्य प्रदेश की भाविका ने भी तीन गोल किए।

ओडिशा की संजना किरो छह गोल के साथ प्रमुख गोल स्कोरर रहीं। अस्मिता जैसी प्रतियोगिताएं बालिका हॉकी को आगे बढ़ाने और उभरती खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ग्वालियर में इस आयोजन से मध्य प्रदेश की युवा हॉकी प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला।

रिलेटेड पोस्ट्स