मुख्य हॉकी प्रशिक्षक की नियुक्ति पर हाईकोर्ट की नजर

चयन को याचिका के अंतिम फैसले के अधीन रखा

अविनाश भटनागर की याचिका पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच का आदेश

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने मुख्य हॉकी प्रशिक्षक (चीफ हॉकी कोच) की नियुक्ति से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति आनंद सिंह बह्रावत की अदालत ने स्पष्ट किया है कि इस पद पर यदि कोई नियुक्ति की जाती है तो वह वर्तमान याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

अविनाश भटनागर बनाम मध्यप्रदेश शासन एवं अन्य के मामले में 4 नवम्बर, 2026 को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि उसी दिन मुख्य हॉकी कोच के पद के लिए साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है और इस बात की संभावना है कि परमजीत सिंह का चयन हो सकता है।

याचिकाकर्ता ने अदालत के समक्ष यह भी कहा कि उनकी याचिका में मुख्य हॉकी कोच के पद पर खुली भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्ति शुरू कराने की मांग की गई है। इसके लिए 19 अगस्त 2025 को प्रस्तावित पत्र का भी उल्लेख किया गया।

इन दलीलों पर विचार करते हुए अदालत ने निर्देश दिया कि इस पद पर होने वाली कोई भी नियुक्ति याचिका के अंतिम परिणाम के अधीन रहेगी। यानी नियुक्ति होने की स्थिति में भी उसका भविष्य हाईकोर्ट के अंतिम फैसले से जुड़ा रहेगा।

मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 नवम्बर 2026 की तारीख निर्धारित की गई है। यह आदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर पीठ ने रिट याचिका क्रमांक 39981/2025 में अंतरिम राहत संबंधी आवेदन पर सुनवाई करते हुए पारित किया।

खेल प्रशासन के लिए अहम मामला

मुख्य हॉकी कोच की नियुक्ति से जुड़ा यह मामला खेल प्रशासन में पारदर्शिता और खुली भर्ती प्रक्रिया की मांग के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अब सभी की निगाहें 20 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स