बड़वानी की मनप्रीत कौर ने रचा सफलता का नया अध्याय

नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर में हुआ चयन

ऑल इंडिया ट्रायल में हासिल की पांचवीं रैंक

खेलपथ संवाद

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की उभरती हॉकी खिलाड़ी कुमारी मनप्रीत कौर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन देश की प्रतिष्ठित नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर (झारखंड) के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ऑल इंडिया ट्रायल में पांचवीं रैंक हासिल कर मनप्रीत ने न केवल अपने जिले, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग से संबद्ध हॉकी फीडर सेंटर बड़वानी की खिलाड़ी मनप्रीत पिछले छह वर्षों से नियमित रूप से हॉकी का अभ्यास कर रही हैं। वर्तमान में वह रायपुर हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित प्रारंभिक ट्रायल में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जमशेदपुर में आयोजित अंतिम चयन ट्रायल के लिए चुना गया था। यहां देशभर से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच मनप्रीत ने अपने खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए पांचवीं रैंक हासिल की।

मनप्रीत की उपलब्धियों का सफर इससे पहले भी शानदार रहा है। वह मध्य प्रदेश की ओर से तीन और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए चार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं में उन्होंने दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। मनप्रीत का नवल टाटा हॉकी अकादमी में चयन उनकी छह वर्षों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनकी यह सफलता बड़वानी के अन्य उभरते हॉकी खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मनप्रीत को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला हॉकी संघ के संरक्षक डॉ. ओ.पी. खंडेलवाल, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी संतरा निनामा, जिला हॉकी संघ अध्यक्ष अमृतलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष अजय कानूनगो, राजेंद्र भावसार, प्रवीण पांडे, हॉकी फीडर सेंटर के कोच रामजय चौहान सहित हॉकी खिलाड़ियों और शहरवासियों ने मनप्रीत को शुभकामनाएं दीं। मनप्रीत की यह उपलब्धि बताती है कि छोटे शहरों की प्रतिभाओं में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का दम है। जरूरत है उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, अवसर और प्रोत्साहन देने की।

रिलेटेड पोस्ट्स