शिवपुरी में सजी बालिका हॉकी की चौपाल, बेटियों ने दिखाया कमाल

अंडर-18 राज्य स्तरीय हॉकी फीडर सेंटर महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन

खेलपथ संवाद

शिवपुरी। मध्यप्रदेश में महिला हॉकी की नई पौध तैयार करने और उभरती प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच देने के उद्देश्य से शिवपुरी में राज्य स्तरीय अंडर-18 बालिका हॉकी फीडर सेंटर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर 29 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के आठ जिलों की बालिका टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि वे खेल भावना के साथ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।

इस प्रतियोगिता में शिवपुरी, सिवनी, खरगोन, रायसेन, ग्वालियर, गुना, सागर और रतलाम की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मुकाबले एस्ट्रोटर्फ मैदान पर फ्लड लाइट की सुविधा के बीच डे-नाइट प्रारूप में लीग पद्धति से खेले जा रहे हैं। प्रत्येक टीम को तीन मैच खेलने का अवसर दिया जा रहा है।

प्रतियोगिता के पहले दिन ग्वालियर और सिवनी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। ग्वालियर ने खरगोन को 8-0 से पराजित किया, जबकि सिवनी ने रतलाम को 11-0 से हराया। मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह और आक्रामक खेल देखने को मिला। एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी नौसीन खान ने अपने शानदार खेल का परिचय देते हुए पांच गोल दागे।

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि प्रदेश के 29 जिलों में संचालित हॉकी फीडर सेंटरों के माध्यम से बालिका खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं उन्हें अपनी प्रतिभा परखने, अनुभव हासिल करने और भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद करती हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता, उपविजेता तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में मध्यप्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी के प्रशिक्षक अरुण कुमार सिंह सहित विभिन्न जिलों से आए हॉकी प्रशिक्षक, खेल विभाग के कर्मचारी और वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कमल सिंह बाथम ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स