एशियन यूथ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने जीते 48 पदक

पदकों में 13 स्वर्ण, 18 रजत और 17 कांस्य शामिल

श्रीप्रकाश शुक्ला

मनामा। भारतीय एथलीटों ने बहरीन के मनामा में आयोजित एशियाई युवा खेल 2025 में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और 13 स्वर्ण, 18 रजत और 17 कांस्य सहित 48 पदक जीतकर महाद्वीपीय प्रतियोगिता का समापन किया। यह चैम्पियनशिप के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। महाद्वीपीय प्रतियोगिता एशियाई युवा खेल 12 साल बाद वापसी कर रहा था।

2013 के यूथ एशियन खेलों में भारतीय एथलीटों ने ओलम्पिक ध्वज तले प्रतिस्पर्धा की और 14 पदक जीते (तीन स्वर्ण, चार रजत और सात कांस्य पदक) इसी तरह सिंगापुर में 2009 के एशियाई युवा खेलों में भारत ने पांच स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित 11 पदक जीते थे। मनामा 2025 में 15 वर्षीय खुशी ने महिला 70 किलोग्राम कुराश इवेंट में कांस्य पदक जीतकर भारत को पहला मेडल दिलाया। रंजना यादव ने गर्ल्स 5000 मीटर रेस वॉक इवेंट में रजत पदक जीतकर एथलेटिक्स में भारत का खाता खोला।

भारतीय गर्ल्स कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को हराकर प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके बाद बॉयज टीम ने एक और कांस्य पदक जीता। प्रीतिस्मिता भोई ने वर्ल्ड यूथ रिकॉर्ड के साथ गर्ल्स 44 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया और इस तरह भारत के लिए प्रतियोगिता का पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता।

एशियाई युवा खेलों के आखिरी दिन भारतीय एथलीटों ने सात स्वर्ण सहित 15 पदक जीते। मुक्केबाजों ने चार स्वर्ण पदक जीते, जबकि बीच पहलवानों ने तीन पोडियम स्थान पर कब्जा किया। एशियाई युवा खेल 2025 में कुल 222 भारतीयों (119 महिलाएं और 103 पुरुष) ने पदक के लिए प्रतिस्पर्धा की। एथलेटिक्स में 31 एथलीटों के साथ सबसे बड़ा भारतीय दल शामिल था, उसके बाद कबड्डी (28), हैंडबॉल (16) और मुक्केबाजी (14) का स्थान रहा। ताइक्वांडो, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग में भी दस-दस भारतीय एथलीटों ने भाग लिया।

एशियाई युवा खेल 2025 में भारतीय पदक विजेताओं के नामः बॉयज टीम कबड्डी गोल्ड, गर्ल्स टीम कबड्डी गोल्ड, प्रीतिस्मिता भोई गर्ल्स 44 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग गोल्ड, यशिता गर्ल्स 61 किलोग्राम फ्रीस्टाइल रेसलिंग गोल्ड, खुशी चंद गर्ल्स 46 किग्रा बॉक्सिंग गोल्ड, जयवीर सिंह बॉयज फ्रीस्टाइल 55 किग्रा रेसलिंग गोल्ड, मोनी गर्ल्स फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम रेसलिंग गोल्ड, अंशिका गर्ल्स +80 किग्रा बॉक्सिंग गोल्ड, अंजली गर्ल्स 55 किलोग्राम बीच रेसलिंग गोल्ड, अर्जुन बॉयज 90 किलोग्राम बीच रेसलिंग गोल्ड, अहाना शर्मा गर्ल्स 50 किलोग्राम बॉक्सिंग गोल्ड, चंद्रिका भोरेशी पुजारी गर्ल्स 54 किग्रा बॉक्सिंग गोल्ड, सानी सुभाष फुलमाली बॉयज 60 किग्रा बीच रेसलिंग गोल्ड।

कनिष्क बिधूड़ी गर्ल्स 52 किग्रा कुराश सिल्वर, रंजना यादव, गर्ल्स 5000 मीटर वॉक एथलेटिक्स सिल्वर, शौर्य अंबुरे गर्ल्स 100 मीटर हर्डल्स एथलेटिक्स सिल्वर, ओशिन गर्ल्स डिस्कस थ्रो एथलेटिक्स सिल्वर, एडविना जेसन गर्ल्स 400 मीटर एथलेटिक्स सिल्वर, श्रेया मिलिंद साटम गर्ल्स 50 किलोग्राम मिक्स्ड मार्शल आर्ट सिल्वर, प्रीतिस्मिता भोई गर्ल्स 44 किलोग्राम स्नैच वेटलिफ्टिंग सिल्वर, भारत गर्ल्स मेडले रिले सिल्वर, महाराजन अरुमुगापांडियन बॉयज 60 किग्रा क्लीन एंड जर्क वेटलिफ्टिंग सिल्वर, गौरव पूनिया बॉयज फ्रीस्टाइल 65 किग्रा रेसलिंग सिल्वर, अश्विनी विश्नोई गर्ल्स फ्रीस्टाइल 69 किग्रा रेसलिंग सिल्वर, हरनूर कौर गर्ल्स 66 किग्रा बॉक्सिंग सिल्वर, रविंदर बॉयज 80 किग्रा बीच रेसलिंग सिल्वर, सुजय नागनाथ तनपुरे बॉयज 70 किग्रा बीच रेसलिंग सिल्वर, लंचेनबा सिंह मोइबुंगखोंगबाम बॉयज 50 किग्रा बॉक्सिंग सिल्वर, मोनिका खुयेंथेम गर्ल्स -63 किग्रा जूडो सिल्वर, तीर्थंक पेगु बॉयज 200 मीटर बटरफ्लाई स्वीमिंग सिल्वर।

खुशी गर्ल्स 70 किग्रा कुराश ब्रॉन्ज, अरविंद बॉयज 83 किग्रा कुराश ब्रॉन्ज, कनिष्का बिधुरी गर्ल्स 52 किग्रा कुराश ब्रॉन्ज, शिवांशु पटेल/यशविनी सिंह मिक्स्ड पेयर्स रिकगनाइज्ड पूमसे ताइक्वांडो ब्रॉन्ज, देबाशीष दास बॉयज इंडिविजुअल रिकगनाइज्ड पूमसे ताइक्वांडो ब्रॉन्ज, जैस्मीन कौर गर्ल्स शॉटपुट एथलेटिक्स ब्रॉन्ज, पलाश मंडल बॉयज 5000 मीटर वॉक एथलेटिक्स ब्रॉन्ज, वीर बधू बॉयज 80 किग्रा मिक्स्ड मार्शल आर्ट ब्रॉन्ज, जुबिन गोहेन बॉयज हाई जंप एथलेटिक्स ब्रॉन्ज, भूमिका नेहते गर्ल्स 200 मीटर एथलेटिक्स ब्रॉन्ज, अल्फोंसो ज़िनिया गर्ल्स वाई क्रू 16-17 मय ब्रॉन्ज, भारत मिक्स्ड टीम ताइक्वांडो ब्रॉन्ज, सिंड्रेला दास-सार्थक आर्य मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस ब्रॉन्ज, अनंत देशमुख बॉयज 66 किग्रा बॉक्सिंग ब्रॉन्ज, रचना गर्ल्स फ्रीस्टाइल 43 किग्रा रेसलिंग ब्रॉन्ज, कोमल गर्ल्स फ्रीस्टाइल 49 किग्रा रेसलिंग ब्रॉन्ज, हर्षित बॉयज -73 किग्रा जूडो ब्रॉन्ज, पर्व चौधरी बॉयज 94 किग्रा क्लीन एंड जर्क वेटलिफ्टिंग ब्रॉन्ज।

2025 एशियाई युवा खेल, सेनेगल के डकार में होने वाले 2026 युवा ओलंपिक के लिए एक योग्यता प्रतियोगिता भी थी। 2025 एशियाई युवा खेल में 45 राष्ट्रीय महासंघों के एथलीटों ने कुल 1,677 पदकों (505 स्वर्ण, 503 रजत और 669 कांस्य) के लिए प्रतिस्पर्धा की।

रिलेटेड पोस्ट्स