हिटलर का हीरो विश्व खेल रत्न कब होगा भारत रत्न?
कालजयी दद्दा ध्यानचंद की पुण्यतिथि पर विशेष
श्रीप्रकाश शुक्ला
ग्वालियर। आज कालजयी दद्दा ध्यानचंद की पुण्यतिथि है। दद्दा हॉकी की आत्मा हैं। वह कभी नहीं मरेंगे क्योंकि उन्होंने कुछ ऐसे मील के पत्थर गढ़े हैं जिन्हें हर काल में न केवल याद किया जाएगा बल्कि आगे की पीढ़ी को भी उनके हॉकी पराक्रम की जानकारी दी जाएगी। हिटलर के हीरो दद्दा तो विश्व खेल रत्न हैं लेकिन सवाल खेलप्रेमी मोदी सरकार उन्हें भारत रत्न कब मानेगी?
हॉकी की जहां तक बात है उसकी वर्णमाला जादूगर मेजर ध्यानचंद के बिना कभी पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने गुलाम भारत को तीन ओलम्पिक स्वर्ण दिलाने में अहम योगदान दिया था। उनके शानदार बॉल कंट्रोल और गोल करने की अनोखी क्षमता ने दुनिया भर के दर्शकों और खिलाड़ियों को चकित कर दिया था। आज मेजर ध्यानचंद की पुण्यतिथि है। मेजर ध्यानचंद का निधन 3 दिसम्बर 1979 को हुआ था। आज उनकी 46वीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है।
आज के ही दिन (3 दिसम्बर 1979 को) लीवर कैंसर से जूझते हुए दद्दा ध्यानचंद ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। उनका पार्थिव शरीर झांसी लाया गया, जहां हजारों लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़े थे। हीरोज हॉकी मैदान में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई थी। 29 अगस्त, 1905 को प्रयागराज में जन्मे ध्यानचंद के पिता सोमेश्वर दत्त सिंह ब्रिटिश भारतीय सेना में कार्यरत थे। पिता की राह पर चलते हुए ध्यानचंद भी मात्र 16 वर्ष की उम्र में सेना में शामिल हो गए। यहीं रहते हुए उन्होंने हॉकी खेलना शुरू किया और जल्द ही अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान आकर्षित किया। आज हीरोज मैदान झांसी में वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल की अगुआई में एक भव्य और दिव्य आयोजन हो रहा है जहां हॉकी प्रेमियों को दद्दा के सम्पूर्ण जीवन दर्शन को देखने का सुअवसर प्राप्त होगा।
मेजर ध्यानचंद ने 34 वर्षों तक की भारत की हॉकी सेवा की। 1922 से 1926 के बीच रेजिमेंटल मैचों में उनके खेल ने लोगों को बेहद प्रभावित किया। इसी दौरान उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए सेना की टीम में मौका मिला। इस दौरे में ध्यानचंद के उत्कृष्ट खेल की बदौलत सेना ने 18 मैच जीते, दो मुकाबले बराबरी पर रहे और सिर्फ एक मैच में टीम को हार मिली। उनके शानदार प्रदर्शन से ब्रिटिश आर्मी बेहद प्रसन्न हुई और पुरस्कार स्वरूप उन्हें ‘लांस नायक’ के पद पर पदोन्नति दी गई। लगभग 34 वर्षों तक देश की सेवा करते हुए उन्होंने 1956 में ‘लेफ्टिनेंट’ के पद से सेवानिवृत्ति ली।
ध्यानचंद ने लगातार तीन ओलम्पिक में भारत को दिलाया स्वर्ण
1928 के ओलम्पिक के लिए जब भारतीय हॉकी टीम का चयन शुरू हुआ, तो ध्यानचंद को ट्रायल में बुलाया गया। वे टीम में चुने गए और फिर पांच मैचों में 14 गोल दागे। भारत ने इस ओलम्पिक में अपराजित रहते हुए स्वर्ण पदक जीता। 1932 और 1936 के ओलम्पिक में भी ध्यानचंद ने भारत को स्वर्ण दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1936 के बर्लिन ओलम्पिक में भारत ने जर्मनी को 8–1 से पराजित किया। इस प्रदर्शन से प्रभावित होकर स्वयं हिटलर ने ध्यानचंद को जर्मन सेना में उच्च पद का प्रस्ताव दिया, मगर ध्यानचंद ने इसे ठुकराया और देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रदर्शित की।
दूसरे विश्व युद्ध के बाद 1948 ओलम्पिक का समय आया, तब तक ध्यानचंद की उम्र 40 वर्ष से अधिक हो चुकी थी। उन्होंने स्वयं टीम में शामिल होने से मना कर दिया और युवा खिलाड़ियों को अवसर देने की बात कही। लगभग दो दशकों से अधिक समय तक भारत के लिए खेलते हुए ध्यानचंद ने 400 से ज्यादा गोल किए। खेल में उनके अद्वितीय योगदान के लिए उन्हें ‘पद्म भूषण’ सम्मान से नवाजा गया। आज देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न’ उनके नाम पर दिया जाता है और उनका जन्मदिन ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। आज हर खेलप्रेमी यह चाहता है कि मोदी सरकार कालजयी दद्दा को भारत रत्न दे और पिछली सरकार की भूल सुधारे।
