दर्पण की पांच प्रतिभाशाली हॉकी कुड़ी, छत्तीसगढ़ उड़ीं

डेढ़ दशक में ग्वालियर की महिला हॉकी को लगे कामयाबी के पंख

प्रशिक्षक अविनाश भटनागर और संगीता दीक्षित ने धूल में हॉकी के फूल खिलाए

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। कोई 18 साल पहले हॉकी के शहर ग्वालियर में महिला खिलाड़ियों का अकाल सा था। खोजे से भी महिला हॉकी खिलाड़ी नहीं मिलती थीं लेकिन आज ऐसी बात नहीं है। अब ग्वालियर शहर महिला हॉकी का गढ़ बन चुका है। यहां की बेटियां दूर देश में जहां तिरंगा लहरा-फहरा रही हैं वहीं अब दूसरे राज्य भी यहां की होनहार हॉकी बेटियों की बलैयां ले रहे हैं। हाल ही में दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर की सात बेटियों का चयन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी अकादमियों के लिए हुआ है।

ग्वालियर में नियमित रूप से सुबह-शाम बालिका हॉकी प्रशिक्षण सिर्फ दो ही जगह चलता है। ग्वालियर के जिला खेल परिसर कम्पू में जहां अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं के बीच कृत्रिम हॉकी मैदानों में प्रतिभाएं निखारी जाती हैं वहीं दूसरी तरफ दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर की उड़ती धूल में प्रशिक्षकद्वय अविनाश भटनागर और संगीता दीक्षित हॉकी के फूल खिलाते हैं। पिछले 18 साल में मध्य प्रदेश सरकार ने पुश्तैनी खेल हॉकी के उत्थान को बेशक करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए हों लेकिन जिस दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर ने राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर को 18 तथा राज्य पुरुष हॉकी अकादमी को 17 उत्कृष्ट प्रतिभाएं दी हों, उसकी तरफ कतई ध्यान नहीं दिया गया।

प्रशंसा करनी होगी हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर और संगीता दीक्षित की जिन्होंने बदहाल क्रीड़ांगन से देश और प्रदेश को हॉकी के बेमिसाल हीरे तराश कर दिए। मध्य प्रदेश में संचालित 35 हॉकी फीडर सेण्टरों में सिर्फ दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर के परिणाम ही ताली पीटने वाले कहे जा सकते हैं। दर्पण मिनी स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह-शाम निखारी जाती हॉकी प्रतिभाओं पर बहुत कुछ लिखा जा सकता है लेकिन उससे भी कुम्भकर्णी नींद में सोए खेल एवं युवा कल्याण विभाग को जगाना मुश्किल काम है।

खुशी के इस अवसर पर मध्य प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर के प्रशिक्षक अविनाश भटनागर और संगीता दीक्षित की जितनी भी तारीफ की जाए वह कम है। हाल ही में होनहार हॉकी बेटियों खुशी चौरसिया तथा अनुष्का राठौर का चयन जहां मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर के लिए हुआ वहीं नंदिता शर्मा, खुशी छाकोर, अनुष्का श्रीवास, तनुष्का यादव, सुनयना खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी अकादमी के लिए चयनित हुईं।

उम्मीद है कि ग्वालियर का यह हॉकी फीडर सेण्टर भविष्य में भी अच्छे परिणाम देगा। गौरतलब यह कि दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर ने देश को तीन अंतरराष्ट्रीय तो दर्जनों राष्ट्रीय हॉकी सितारे दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी करिश्मा यादव, इशिका चौधरी तथा अंकित पाल जैसे हॉकी सितारे इसी दर्पण का दर्पण हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी ग्वालियर जोसेफ बाक्सला ने चयनित खिलाड़ियों नंदिता शर्मा, खुशी छाकोर, अनुष्का श्रीवास, तनुष्का यादव, सुनयना को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स