नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष और युवा कांग्रेस पदाधिकारी सम्मानित

कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती हैः महापौर डॉ. शोभा सिकरवार

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी का एक गौरवशाली इतिहास है और सर्वहारा वर्ग के विकास और उत्थान के लिये कार्य करते हुये सबको साथ लेकर चलती है। यह वह कांग्रेस पार्टी है, जिसने भारत के नव निर्माण में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पण्डित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी के त्याग, समर्पण, निष्ठा और बलिदान ने देश के साथ कांग्रेस की नींव को मजबूत किया है और यह सब हर कांग्रेसजन के लिये प्रेरणादायक हैं। महापौर ने यह उद्गार ललितपुर कॉलोनी कार्यालय पर नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों, युवा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि की आंसदी से व्यक्त किए।

महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने सम्मान समारोह में कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुये कहा कि पार्टी की शीर्ष नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी एवं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य वरिष्ठ नेता देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिये जिस तरह सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, हम सबको उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहना है और पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने के लिये एकजुटता के साथ कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि हम सब जनता की समस्या के समाधान के लिये कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और ग्वालियर के विकास के लिये अपना संघर्ष जारी रखेंगे। इस मौके पर उन्होंने नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों, युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। महापौर ने पुष्पहार पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया।

इस मौके पर स्वागत भाषण कांग्रेस नेता एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने दिया। संचालन अवधेश कौरव एवं आभार अंकित कट्ठल ने व्यक्त किया। सम्मानित होने वालों में नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष राजेश तोमर, संदीप यादव, अनूप शिवहरे, रेखा जाटव एवं युवक कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारी शामिल हैं। सम्मान समारोह में वीणा भारद्वाज, गायत्री सुधीर मण्डेलिया, विनोद जैन, उत्तम सिंह कुशवाह, जसवंत शेजवार, देवेन्द्र चौहान, बृजेश शुक्ला, आदित्य सेंगर, सतेन्द्र नागर, पार्षद प्रमोद खरे, प्रतीक जैन ‘लालू’, आदित्य सिंह सिकरवार ‘गोंची’, राहुल गुर्जर, अभय कुमार सिंह आदि सैकड़ो कार्यकता मौजूद रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स