मैदान की मिट्टी माथे लगा हॉकी के हीरो ने दिया संदेश

अपने हॉकी हीरो अंकित का ग्वालियर ने किया जोरदार स्वागत

जूनियर विश्व कप हॉकी में कांस्य पदक जीतकर लौटा स्टार

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। हॉकी के शहर ग्वालियर ने अपने हीरो अंकित पाल का स्वागत कर अपनी गौरवशाली परम्परा को जारी रखा। जूनियर विश्व कप हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी अंकित पाल गतिमान एक्सप्रेस से जब अपने गृह नगर लौटे तो उनका स्टेशन पर हॉकी प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। अंकित ने सबसे पहले कालजयी कैप्टन रूप सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए उसके बाद अपने होम ग्राउंड को माला पहना कर तथा मैदान की मिट्टी को माथे से लगाकर भावी पीढ़ी को एक मूक संदेश भी दिया।

अंकित पाल के ग्वालियर पर पहुंचने पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, हॉकी प्रेमी तथा होनहार खिलाड़ी के परिजन स्वागत को न केवल आतुर दिखे बल्कि ढोल नगाड़ों के साथ उसका स्वागत भी किया। स्वागत के बाद अंकित को सफेद खुली हुई कार में सवार कर रैली निकाली गई। रैली स्टेशन से प्रारंभ होकर कैप्टन रूप सिंह की समाधि पर पहुंची। अंकित पाल और उनके प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने कैप्टन रूप सिंह जी की समाधि पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर आशीर्वाद लिया, तदुपरांत रैली विवेकानंद चौराहे पर पहुंची जहां आम लोगों ने अंकित पाल का स्वागत किया।

उसके बाद रैली अंकित पाल के होम ग्राउंड दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर पहुंची जहां हॉकी के नवोदित खिलाड़ी अंकित का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर अविनाश भटनागर के मार्गदर्शन में अंकित का जोरदार स्वागत किया गया। अंकित ने अपने होम ग्राउंड को माला पहनाकर तथा मैदान की मिट्टी को माथे से लगाकर भावी पीढ़ी के खिलाड़ियों को एक मूक संदेश दिया।  यह दृश्य अंकित पाल के संस्कारों के साथ नवोदित खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा संदेश है।

दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नूतन श्रीवास्तव ने अंकित पाल एवं उनके प्रशिक्षक अविनाश भटनागर का माल्यार्पण एवं राम-नाम का अंग वस्त्र पहना कर सम्मान किया। अंकित पाल के स्वागत एवं सम्मान रैली में ग्वालियर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हसरत कुरैशी, अरमान कुरैशी, विवेक पिशाल, शत्रुघ्न सिंह, प्रताप सिंह, मदन गुप्ता, रईस कुरैशी, संगीता दीक्षित, अर्जुन शर्मा, शैलेंद्र साहनी, नरेश डगरोलिया,सगीर खान आदि मौजूद रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स