अपने शहर में प्रथम गुरु के हाथों सम्मानित होना गर्व का पलः नेहा सिंह
नवोदित खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक, किट बैग प्रदान कर बढ़ाया हौसला
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ग्वालियर के स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में सोमवार को दर्पण हॉकी फीडर सेण्टर की पूर्व हॉकी खिलाड़ी कुमारी नेहा सिंह और उनकी बहन स्नेहा सिंह का हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने स्वागत किया। इस अवसर पर ग्वालियर की दोनों हॉकी प्रशिक्षक बहनों ने नवोदित खिलाड़ियों को अपनी तरफ से हॉकी स्टिक, किट बैग आदि सामग्री प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।
नेहा और स्नेहा की जहां तक बात है, ये दोनों बहनें फिलवक्त दूसरे राज्यों में बतौर प्रशिक्षक हॉकी का उत्थान कर रही हैं। अपने सम्मान के बाद नेहा ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए अपने प्रथम गुरु के हाथों सम्मानित होना गर्व का पल होता है। एक प्रशिक्षक और खिलाड़ी के माता-पिता ही उसे आगे बढ़ते देखना चाहता है। नेहा सिंह मौजूदा समय में उड़ीसा की नवल टाटा हॉकी अकादमी में हॉकी कोच के पद पर कार्यरत हैं। इसी तरह नेहा की छोटी बहन स्नेहा सिंह गुजरात में आर्मी स्कूल में हॉकी प्रशिक्षक हैं।
नेहा सिंह का स्वागत अन्नया तोमर, नव्या जैन, नव्या सोनी, गरिमा शर्मा, प्रेरणा सिंह, शिवानी कुशवाह, नंदिनी कटारे, खुशी कुशवाह, रेनू अहिरवार, पूर्वी त्रिपाठी आदि ने भी किया। नेहा सिंह और स्नेहा सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और हॉकी खेल की नई तकनीक के बारे में विस्तार से बताया। नेहा सिंह ने नवोदित खिलाड़ियों को बताया कि हमने इसी दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में अविनाश भटनागर सर के मार्गदर्शन में हॉकी प्रारंभ की और निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन से राष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर और मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया।
आप लोग भी अविनाश सर के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर देश के लिए ओलम्पिक और विश्व कप में मेडल दिलाकर मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें। इस दौरान नेहा सिंह ने अपनी ओर से खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक, किट बैग आदि सामग्री प्रदान की। इस अवसर पर दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के ध्रुव शर्मा, वंश श्रीवास्तव, नरेश दंगरोलिया, प्रशांत राठौर, सिद्धार्थ राठौर, अमन बाल्मीकि आदि खिलाड़ी मौजूद रहे।
