जयपुर में सम्मानित हुए हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। हॉकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और अपने प्रशिक्षण से कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने वाले मध्य प्रदेश के हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर को जयपुर में पांडिचेरी सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन द्वारा सम्मानित किया गया। श्री भटनागर का यह सम्मान जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेली गई राष्ट्रीय सॉफ्ट हॉकी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर किया गया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बेल्जियम के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी गैसपरड, सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन पांडिचेरी के अध्यक्ष एवं सचिव पी, मूर्ति तथा सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव रमेश सिंह ने अविनाश भटनागर के कृतृत्व की प्रशंसा कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष पंत, डॉ. आदित्य नाग, शिखा पंत, जी.एस. राठौर आदि मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्तर पर अविनाश भटनागर को मिले इस सम्मान के लिए उन्हें जोसेफ बाक्सला, संगीता दीक्षित, विवेक पिशाल, मनोज परिहार, वीरेंद्र भदौरिया, निक्की कौशल, अर्जुन शर्मा, अंकित पाल, प्रताप सिंह, रईस कुरैशी, दिलशाद खान आदि ने बधाई देते हुए इसे ग्वालियर के लिए गौरव बताया।
