एशियन गेम्स तीरंदाजी में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक का क्लीन स्वीप
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
भारत की महिला तीरंदाज टीम ने बृहस्पतिवार को कड़े मुकाबले में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता जबकि पुरुष टीम को खिताब के लिए अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा जिससे भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने तीनों टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर क्लीन स्वीप किया।
भारत ने इस तरह एशियाई खेलों की तीरंदाजी स्पर्धा में अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ अभियान को आगे बढ़ाया। महिला कंपाउंड टीम ने पिछड़ने के बाद वापसी करते रोमाचंक फाइनल में चीनी ताइपे को एक अंक से हराया। ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर की शीर्ष वरीय गत विश्व चैंपियन टीम ने फाइनल में अंतिम चरण में 60 में से 60 अंक के परफेक्ट स्कोर के साथ चीनी ताइपे की तीसरी वरीय जोड़ी को 230-229 से हराया। दोपहर के सत्र में अभिषेक वर्मा, ओजस देवताले और प्रथमेश जावकर की तिकड़ी ने दक्षिण कोरिया को 235-230 से हराकर स्वर्ण पदक के साथ तीरंदाजी में भारत को छठा पदक दिलाया। 
बुधवार को भारत की मिश्रित कंपाउंड टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता था। भारत का एशियाई खेलों की तीरंदाजी प्रतियोगिता में यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। देश ने पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इंचियोन में 2014 में किया था जब उसने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था। ज्योति ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद कहा, शनिवार को मेरा व्यक्तिगत फाइनल है इसलिए मेरी नजरें उसमें भी स्वर्ण पदक पर हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स