भारत का लाल नीरज चोपड़ा बना नम्बर वन

जेवलिन थ्रो रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर पहुंचे
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत के लाल ओलम्पिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा के नाम एक ऐसी उपलब्धि जुड़ गई है जोकि इससे पहले किसी भारतीय एथलीट के नाम नहीं जुड़ी थी। जी हां नीरज चोपड़ा 1455 अंकों के साथ दुनिया के नम्बर वन जेवलिन थ्रोवर बन गए हैं। नीरज ग्रेनाडा के विश्व चैम्पियन एंडरसन पीटर्स (1433) से 22 अंक आगे हैं।
टोक्यो ओलम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा दुनिया के नम्बर एक जेवलिन थ्रोअर बनने वाले देश के पहले एथलीट बन गए हैं। देश का कोई एथलीट आज तक नम्बर एक पायदान पर नहीं पहुंचा था। विश्व एथलेटिक्स संघ की ओर से जारी वरीयता क्रम में नीरज को 1455 अंकों के साथ नम्बर एक की रैंकिंग दी गई है। उन्होंने विश्व चैम्पियन ग्रेनाडा के एंडर्सन पीटर्स को 22 अंकों से पीछे छोड़ा है।  
25 वर्षीय नीरज 30 अगस्त, 2022 से विश्व नम्बर दो के वरीयता क्रम पर थे। पीटर्स अब तक नम्बर एक जेवलिन थ्रोअर बने हुए थे, लेकिन पांच मई को दोहा में 88.67 मीटर के साथ स्वर्ण जीतने के बाद वह पीटर्स को नम्बर एक की गद्दी से नीचे उतारकर खुद इस पर विराजमान हो गए हैं। पीटर्स दोहा में 85.88 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। बीते वर्ष सितम्बर में ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड) में हुए डायमंड लीग का फाइनल भी नीरज ने जीता था। 89.94 मीटर का राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करने वाले नीरज अब विश्व नम्बर एक बनकर चार जून को फैनी ब्लैंकर्स कोएन खेलों में नीदरलैंड में खेलने उतरेंगे। इसके बाद वह 13 जून को टुर्कू (फिनलैंड) में पावो नूरमी गेम्स में खेलेंगे। यहां उन्होंने बीते वर्ष रजत पदक  जीता था। 
पाकिस्तान के नदीम दुनिया में पांचवें नम्बर पर
टोक्यो ओलम्पिक में रजत जीतने वाले चेक रिपब्लिक के याकूब वाल्देज्चे तीसरे, यूरोपियन चैम्पियन जर्मनी के जूलियन वीबर चौथे और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान के अरशद नदीम रैंकिंग में पांचवें स्थान पर हैं। भारत के रोहित यादव 15वें और डीपी मनु 17वें स्थान पर रहकर शीर्ष 20 में शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स