एशियाई कुश्ती में भारत की निशा दहिया की चांदी

प्रिया को कांस्य पदक से करना पड़ा संतोष
खेलपथ संवाद
अस्ताना।
भारतीय महिला पहलवान निशा दहिया और प्रिया ने मंगलवार को कज़ाकिस्तान के अस्ताना में एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप 2023 में अपने-अपने भार वर्ग में रजत पदक और कांस्य पदक जीता। पिछले साल अण्डर-23 विश्व चैम्पियनशिप के 65 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली निशा दहिया अस्ताना में 68 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रही थीं।
निशा ने अपने दिन की शुरुआत क्वार्टर-फ़ाइनल में पिछले संस्करण की कांस्य पदक विजेता मंगोलिया की डेल्गेरमा एनखसाइखान पर मानदंड के माध्यम से 10-10 से जीत के साथ की और फिर एशियाई खेलों की चैम्पियन और दो बार की ओलम्पियन चीन की फेंग झोउ को 7-6 से हराकर फ़ाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, 2022 विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता और जापानी युवा एमी इशी ने फ़ाइनल में भारतीय पहलवान को पिन के जरिए हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। 
महिलाओं की 76 किलोग्राम वर्ग में भारतीय पहलवान प्रिया ने चीनी ताइपे की हुई त्ज चांग को 2-1 से हराकर क्वालिफ़िकेशन राउंड को पार किया। इसके बाद 18 वर्षीय भारतीय पहलवान को क्वार्टर-फ़ाइनल में किर्गिस्तान के एपेरी काज़ी ने पिन के जरिए मात दी लेकिन बाद में काज़ी के फ़ाइनल में पहुंचने के कारण भारतीय पहलवान ने रेपेचाज राउंड में जगह बनाई।
अण्डर-17 विश्व चैम्पियन प्रिया ने कांस्य पदक मुक़ाबले में जापान की मिज़ुकी नागाशिमा को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता। निशा दहिया और प्रिया के पदकों ने एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप 2023 में भारत के पदकों की संख्या 6 कर दी है। पिछले दिनों ग्रीको-रोमन पहलवान रूपिन (55 किलोग्राम) ने रजत जबकि नीरज (63 किलोग्राम), विकास (72 किलोग्राम) और सुनील कुमार (87 किलोग्राम) ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। 
अन्य तीन भारतीय पहलवान नीलम (50 किलोग्राम), सीतो (55 किलोग्राम) और सरिता मोर (59 किलोग्राम) मंगलवार को पदक जीतने में नाकाम रहीं। नीलम ने क्वार्टर-फ़ाइनल में कज़ाकिस्तान की एलाडा मख्यदीनोवा के ख़िलाफ़ पिन फॉल के माध्यम से जीत हासिल की लेकिन सेमी-फ़ाइनल में स्वर्ण पदक विजेता जापान की रेमिना योशिमोतो से हार गईं। इसके बाद कांस्य पदक मुक़ाबले में चीन की ज़िकी फेंग ने नीलम को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया। सीतो को पहले दौर में कज़ाकिस्तान की पूर्व अण्डर-23  एशियाई चैम्पियन मरीना सेडनेवा से हार का सामना करना पड़ा था।
दो बार की एशियाई चैम्पियन और पिछले साल की कांस्य पदक विजेता सरिता मोर तीन में से दो राउंड हार गईं और पदक मैचों में आगे नहीं बढ़ सकीं। सरिता मोर ने 2021 एशियाई चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखू पर 4-1 से जीत के साथ शुरुआत की। हालांकि, उन्हें अपने आगे के मुक़ाबले में फ़ाइनल में पहुंचने वाली जापान की यूई सकानो और चीन की झूओमलगा के ख़िलाफ़ हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद उनका अभियान समाप्त हो गया। शेष पांच भारतीय महिला पहलवान - अण्डर-20 विश्व चैम्पियन अंतिम पंघाल (53 किलोग्राम), अंशु मलिक (57 किलोग्राम), सोनम मलिक (62 किलोग्राम), मनीषा (65 किलोग्राम) और रीतिका हुड्डा (72 किलोग्राम) बुधवार को अपनी दावेदारी पेश करेंगे। बता दें, भारत की महिला पहलवानों ने पिछले साल मंगोलिया के उलानबटार में एशियाई चैम्पियनशिप में दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे।

रिलेटेड पोस्ट्स