भारतीय धावकों गुलवीर सिंह और सीमा ने तोड़े रिकॉर्ड

टाटा स्टील वर्ल्ड 25के कोलकाता: जोशुआ चेप्टेगी ने दिखाया विश्वस्तरीय दम

खेलपथ संवाद

कोलकाता। ठंडी सर्दी की सुबह कोलकाता में टाटा स्टील वर्ल्ड 25के ने रोमांचक नजारा पेश किया। रिकॉर्ड टूटे, चैम्पियनों ने अपना दबदबा दिखाया और भारतीय लम्बी दूरी की दौड़ ने एक और मजबूत छलांग लगाई। अंतरराष्ट्रीय पुरुष वर्ग में जहां युगांडा के दिग्गज जोशुआ चेप्टेगी ने अपनी बादशाहत साबित की, वहीं दिन भारत के गुलवीर सिंह और सीमा के नाम रहा, जिन्होंने अपने-अपने वर्ग में नए कोर्स रिकॉर्ड कायम किए।

डबल ओलम्पिक चैम्पियन जोशुआ चेप्टेगी ने शुरुआत से ही रफ्तार तय की और पूरी रेस में बढ़त बनाए रखी। उन्होंने 1:11:49 घंटे के समय के साथ अपना पहला खिताब जीता। तंजानिया के अल्फॉन्स फेलिक्स सिउम्बु (1:11:56) दूसरे और लेसोथो के टेबेलो रामाकोन्गोआना (1:11:59) तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि 2023 में बने 1:11:13 के कोर्स रिकॉर्ड को तोड़ नहीं सके, लेकिन चेप्टेगी की संयमित और प्रभावशाली दौड़ ने उनकी श्रेष्ठता फिर साबित कर दी।

अंतिम चार किलोमीटर में उन्होंने रफ्तार बढ़ाकर प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया। रेस के बाद चेप्टेगी ने कहा, मेरे लिए रिकॉर्ड से ज्यादा जीत मायने रखती है। कोलकाता लौटकर जीतना खास है। यह जीत मुझे आगे की मैराथन की तैयारी के लिए आत्मविश्वास देती है।

महिला वर्ग में डेगितु अजीमेरॉ की शानदार जीत

अंतरराष्ट्रीय महिला वर्ग में इथियोपिया की डेगितु अजीमेरॉ ने दो बार की चैंपियन सुतुमे असेफा केबेड़े को हराकर खिताब जीता। उन्होंने 1:19:36 के समय के साथ शुरुआत से अंत तक बढ़त बनाए रखी। सुतुमे 1:20:28 के साथ दूसरे और मेसेलेच अलेमायेहु 1:20:48 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। डेगितु की जीत के बावजूद महिला वर्ग का कोर्स रिकॉर्ड सुतुमे के नाम ही रहा। डेगितु ने कहा, शुरुआत में यह मेरी योजना नहीं थी, लेकिन 10 किमी के बाद लय बनी और मैंने रफ्तार बढ़ाई। जीत से बेहद खुश हूं।

भारतीय रेस में गुलवीर सिंह का ऐतिहासिक प्रदर्शन

दिन की सबसे प्रभावशाली कहानी भारतीय पुरुष वर्ग से आई, जहां गुलवीर सिंह ने शानदार दौड़ लगाते हुए अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 1:12:06  घंटे के समय के साथ 2024 में बनाए गए 1:14:10 के रिकॉर्ड को दो मिनट से ज्यादा सुधार दिया। हरमनजोत सिंह (1:15:11) दूसरे और सावन बरवाल (1:15:25) तीसरे स्थान पर रहे। गुलवीर ने कहा, रिकॉर्ड मेहनत और निरंतरता से बनते हैं। मेरा लक्ष्य हर दिन खुद से बेहतर बनना है। भारत धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और यह सिर्फ शुरुआत है।

सीमा ने रचा नया इतिहासः भारतीय महिला वर्ग में सीमा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 1:26:04 घंटे के समय से नया कोर्स रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 2017 में बना सूर्या एल का 1:26:53 का रिकॉर्ड तोड़ा। संजीवनी जाधव 1:30:34 के साथ दूसरे और निर्माबेन ठाकोर 1:32:02 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। सीमा की बढ़त शुरुआत से ही साफ दिखी और उन्होंने पूरे रेस में दबदबा बनाए रखा। सीमा ने कहा, कोर्स अब ज्यादा चुनौतीपूर्ण है, लेकिन मैं जीत के इरादे से आई थी। अगला लक्ष्य एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करना है।

रिलेटेड पोस्ट्स