ऐश्वर्य प्रताप और चिंकी यादव भविष्य के ओलम्पिक चैम्पियनः खेल मंत्री

आईएसएसएफ विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में देश को दिलाए दो स्वर्ण पदक

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल मध्य प्रदेश में उस वक्त खुशी की लहर छा गई जब राज्य की शूटिंग अकादमी के स्टार शूटरों ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और चिंकी यादव ने विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में सोने पर निशाने साधे और दो स्वर्ण पदक देश को दिलाए। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने इन शूटरों को भविष्य का ओलम्पिक चैम्पियन करार दिया।

मध्य प्रदेश के निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन और चिंकी यादव ने 25 मीटर पिस्टल इवेन्ट में शानदार प्रदर्शन किया और देश-विदेश के नामचीन निशानेबाजों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। केन्द्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू और मध्य प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने दिल्ली स्थित डॉ. कर्णीसिंह शूटिंग रेंज में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा।

दिल्ली में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप शूटिंग प्रतियोगिता में चिंकी यादव ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला वर्ग की व्यक्तिगत 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कुल 32 अंक अर्जित कर देश को स्वर्ण पदक दिलाया। भारत की राही सरनोबत दूसरे और मनू भाकर तीसरे स्थान पर रहीं। इसी तरह पुरूष वर्ग की 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 462.5 का स्कोर करते हुए देश को स्वर्ण पदक दिलाया। हंगरी के खिलाड़ी 461.6 अंकों के साथ दूसरे और डेनमार्क के खिलाड़ी 450.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि शूटिंग अकादमी के स्टार खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप और चिंकी यादव ने विश्वकप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। खेल मंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के प्रतिभा प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि टोक्यो ओलम्पिक के लिए निशानेबाजी में भारत को कोटा दिलाने वाले दोनों खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिखाया है कि वे निशानेबाजी में किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकप में अपने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन करते देखकर मुझे अत्यंत खुशी हुई और इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने का मुझे अवसर मिला। खेल मंत्री ने ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और चिंकी यादव तथा सभी प्रशिक्षकों को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी।

संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए यह स्वर्णिम अवसर है जब हमारे दो खिलाड़ियों चिंकी यादव और ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने विश्वकप में दो स्वर्ण पदक देश को दिलाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इस जीत से ओलम्पिक में मध्य प्रदेश को पदक जीतने की संभावना में बढ़ोत्तरी हुई है। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और चिंकी यादव द्वारा विश्वकप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने और स्वर्ण पदक जीतने पर खेल और युवा कल्याण विभाग में खुशी की लहर छा गई। इस खुशी में विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के बीच मिठाई का वितरण कर यह खुशी एक-दूसरे से साझा की गई।

खेल मंत्री के प्रोत्साहन से मिला यह मुकाम

खरगौन जिले के झिरनिया तहसील के छोटे से गांव रतनपुर में 3 फरवरी 2001 को किसान परिवार में जन्में ऐश्वर्य प्रताप सिंह वर्ष 2015 से मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षणरत हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक देश को दिलाए हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में ऐश्वर्य प्रताप ने 11 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक अर्जित किए हैं। उन्होंने जूनियर विश्व कप में 50 मीटर रायफल थ्री पोजीशन में 459.3 अंक हासिल कर नया विश्व रिकार्ड बनाया और देश को स्वर्ण पदक दिलाया था। ऐश्वर्य अपनी उपलब्धि का पूरा श्रेय प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को देते हैं जिनके प्रयासों से शूटिंग खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और हाई परफारमेंस ट्रेनिंग मिल रही है और इसी का परिणाम है कि वे आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर शूटिंग अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक सुमा शिरूर, सुनीता लाखन, वैभव शर्मा एवं अपराजिता सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं। 

चिंकी यादव की उपलब्धियां

टी.टी. नगर स्टेडियम में कार्यरत इलेक्ट्रीशियन मेहताब सिंह की बेटी चिंकी यादव ने वर्ष 2013 में शूटिंग अकादमी में 25 मीटर पिस्टल इवेन्ट में अभ्यास प्रारंभ किया और इसी वर्ष पहला नेशनल गोल्ड मेडल टीम इवेन्ट में तथा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया। चिंकी यादव ने अब तक अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में 4 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 10 पदक देश को दिलाए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 6 स्वर्ण, 4 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 17 पदक अर्जित किए हैं। चिंकी यादव शूटिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक जसपाल राणा, प्रशिक्षक ओशिन टवानी और जयवर्धन सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स