राजस्थान सरकार ने खिलाड़ियों के लिए खोला खजाना

पदक विजेताओं की इनामी रकम चार गुना बढ़ाई
खेलपथ प्रतिनिधि
जयपुर।
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की इनामी राशि को चार गुना बढ़ाने का फैसला किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक के बाद एक तीन ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इसके मुताबिक राज्य सरकार ओलम्पिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वालों के लिए इनामी राशि में चार गुना तक का इजाफा किया है। 
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि ओलम्पिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल जैसे अंतरराष्ट्रीय खेलों में पदक जीत कर राजस्थान का नाम रोशन करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली इनामी राशि में तीन से चार गुना तक बढ़ोत्तरी करने का महत्वपूर्ण निर्णय किया है। एशियन गेम्स तथा कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि को 30 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रूपये, रजत पदक जीतने पर इनामी राशि 20 लाख से बढ़ाकर 60 लाख रुपये, कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने का निर्णय किया है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट पर जानकारी देते हुए बताया है कि ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर दी जानी वाली 75 लाख रुपये की राशि को बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 30 लाख रूपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने को मंजूरी दी है।
गहलोत ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'एशियन गेम्स तथा कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि को 30 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने पर इनामी राशि 20 लाख से बढ़ाकर 60 लाख रुपये, कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने का निर्णय किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स