सांसें हो रहीं कम, आओ पौधे लगाएं हम

मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम परिसर में हुआ पौधरोपण

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल। हरियाली बढ़ाने एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए पौधों की शत-प्रतिशत जीवितता की अवधारणा के साथ संभाग आयुक्त कवीन्द्र कियावत ने मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम परिसर में पौधरोपण कर हरियाली सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एडीजी उपेंद्र जैन, संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन, सीईओ स्मार्ट सिटी आदित्य सिंह और ओलम्पियन एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे।

संभाग आयुक्त कवीन्द्र कियावत ने यहां शीशम और तिपरी का पौधा रोपा। उन्होंने पूरे देश में इस तरह की मुहिम चलाने वाली संस्था गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ किला, ग्वालियर के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस परिसर में 3-4 वर्ष के 8 से 10 फिट के सैकड़ों पौधे रोपे गए हैं। संभाग आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण को लेकर जागरूकता बढ़ी है और सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे पौधों की वास्तविक देखभाल कर वातावरण को हरा-भरा बनाएं।

पौधरोपण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन ने कहा कि कोरोना वायरस से पेड़, पक्षी और जानवरों पर कोई फर्क नहीं पड़ा बल्कि इंसान पर इसका सबसे ज्यादा असर हुआ है। पृथ्वी को दूषित पर्यावरण से बचाकर इसका जन-जन को लाभ दिलाने के लिए पौधरोपण कार्यक्रम को  सांसें हो रहीं कम, आओ पौधे लगाएं हम अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने पौधे उपलब्ध कराने के लिए गुरूद्वारा के सेवादार नत्था सिंह की भी प्रशंसा करते हुए बताया कि संस्था द्वारा पौधरोपण के लिए निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खेल संचालक श्री जैन ने बताया कि भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, घुड़सवारी अकादमी, बाबे अली और अंकुर खेल परिसर के अलावा प्रदेश के विभिन्न खेल परिसरों में पौधरोपण किया जाएगा। इस मौके पर ओलम्पियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

पौधरोपण कार्यक्रम में ओलम्पियन समीर दाद, वर्ल्ड नंबर 2 स्नूकर खिलाड़ी कमल चावला, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी इरफान यूसुफ, अर्जुन एवं द्रोणाचार्य अवॉर्डी हॉकी प्रशिक्षक राजिन्दर सिंह, अर्जुन अवॉर्डी सेलिंग प्रशिक्षक जी.एल. यादव और अर्जुन अवॉर्डी रोइंग प्रशिक्षक कैप्टन दलबीर सिंह, संयुक्त संचालक खेल बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों तथा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर पौधरोपण किया।

रिलेटेड पोस्ट्स