मनीषा अब कानपुर में जगाएंगी समर्थ नारी, समर्थ भारत की अलख

नीरा सिन्हा ने सौंपी महती जवाबदेही

खेलपथ प्रतिनिधि

कानपुर। शारीरिक शिक्षण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाली मनीषा शुक्ला अब कानपुर में समर्थ नारी, समर्थ भारत की अलख जगाएंगी। समर्थ नारी, समर्थ भारत संस्था की संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक नीरा सिन्हा वर्षा ने मनीषा शुक्ला को संस्था के सह-संयोजक का दायित्व सौंपा है।

मनीषा शुक्ला कानपुर में खेलों के क्षेत्र से बचपन से ही जुड़ी हुई हैं। इन्होंने खिलाड़ी रहते जहां दर्जनों मेडल जीते वहीं लगभग ढाई दशक से छात्र-छात्राओं को शारीरिक शिक्षा के महत्व से रूबरू करा रही हैं। मनीषा शुक्ला की जुझारू प्रवृत्ति और कार्य के प्रति समर्पण को देखते हुए समर्थ नारी, समर्थ भारत संस्था की संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक नीरा सिन्हा वर्षा ने उन्हें कानपुर के सह-संयोजक का दायित्व सौंपा है। नीरा सिन्हा को मनीषा शुक्ला से अपेक्षा है कि वह नारी सम्मान और उनके विकास का कार्य पूर्ण मनोयोग से कर पाएंगी।

समर्थ नारी, समर्थ भारत संस्था की जहां तक बात है यह महिला सम्मान के साथ ही देश के विकास और विश्व कल्याण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था के सह-संयोजक पद पर पदासीन मनीषा शुक्ला का कहना है कि आज के समय में हर जवाबदेही एक चुनौती है। मुझे कानपुर में चुनौतियों से पार पाकर नारी शक्ति और सम्मान की दिशा में कार्य करने की जो जवाबदेही मिली है, उस पर मेरी कोशिश हमेशा अच्छा करने की होगी। संस्था की संस्थापक नीरा सिन्हा ने मुझ पर जो विश्वास किया है, मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगी।

मनीषा शुक्ला का कहना है कि संस्था का ध्येय वाक्य शस्त्र से शास्त्र तक और रोटी से रोजगार तक काफी अहम है। आज महिला शिक्षा बेहद जरूरी है। हमारी कोशिश होगी कि कानपुर की नारी शक्ति न केवल साक्षर हो बल्कि स्वावलम्बी भी बने। मुझे सह-संयोजक का जो दायित्व मिला है, उसके लिए मैं नीरा सिन्हा की दिल से आभारी हूं।   

   

 

रिलेटेड पोस्ट्स