मैदान में खेल मंत्री संदीप सिंह ने दिखाया हॉकी स्टिक का जादू

मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम के दौरे के दौरान दिये खिलाड़ियों को टिप्स

शाहाबाद। सोमवार को खेल मंत्री संदीप सिंह ने शाहाबाद के मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम का दौरा किया और देशवासियों को ओलंपिक दिवस की बधाई दी। इस दौरान संदीप सिंह ने अपनी हॉकी स्टिक का जादू भी दिखाया और जूनियर खिलाड़ियों को हॉकी की बारीकियों के बारे में बताया। संदीप सिंह ने खिलाड़ियों से कहा कि इस समय में कोविड-19 का प्रकोप जारी है इसलिए खिलाड़ी खेल से दूर न रहकर अपने स्किल पर ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खेल व खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है और आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी सशक्त व सकारात्मक परिणाम दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान खेल मैदानों में खिलाड़ियों के अलावा बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित है। संदीप ने कहा कि हरियाणा सरकार खेल व खिलाड़ियों को आगे आने के लिए नई योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है और प्रदेश में 8 हॉस्टल बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शाहाबाद के हॉकी स्टेडियम में हॉस्टल निर्माण जल्द होगा। खेल मंत्री संदीप सिंह ने खिलाड़ियों से कहा कि किसी भी तरह की समस्या आने पर वह कोच अमनदीप सिंह और जिला खेल अधिकारी को तुरंत सूचित करे ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। यह प्रश्न पूछे जाने पर कि भारतीय टीम की कप्तानी और हरियाणा सरकार में खेल मंत्री के तौर पर कार्य कर रहे हैं पर संदीप सिंह ने कहा कि हेड व टेल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और इस समय में सिक्के की वेल्यू कम नहीं होती इसलिए जब भी प्रतिनिधित्व मिले तो उसे बाखूबी निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शाहाबाद की हॉकी ने दशकों से उमदा प्रदर्शन किया है और आने वाले समय में भी शाहाबाद की मिट्टी से हॉकी खिलाड़ी निकलते रहने चाहिए।

आने वाले दिनों में हॉकी ग्राउंड में बहायेंगे पसीना
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास होगा कि आने वाले समय में वह स्वयं भी हॉकी प्रतियोगिताओं में खेलते रहे। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियों के कारण फिलहाल वह हॉकी का अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं लेकिन आने वाले दिनों में वह निरंतर हॉकी ग्राउंड में आकर पसीना बहाएंगे। वहीं उन्होंने लॉकडाउन के दौरान गलियों के डॉग्स के लिए खाना व वेक्सिनेशन उपलब्ध करवाने पर ईशप्रीत को एक लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर डी.एस.पी. आत्मा राम, जिला खेल अधिकारी युद्धवीर सिंह, कोच अमनदीप सिंह, अंकिता शर्मा, गुरिन्द्र पाल सिंह, इन्द्रपाल कौर, गुरमन्न सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स