कोरोना ने तोड़ा तीरंदाज विश्वास का सपना

बरेली। कोरोना वायरस का असर खेलों पर भी पड़ने लगा है। इसके चलते तुर्की में होने वाला तीरंदाजी विश्वकप रद्द कर दिया गया है। बरेली के विश्वास शर्मा को भी इस विश्व कप में हिस्सा लेना था। विश्व कप रद्द होने से उनका गोल्ड जीतने का सपना भी फिलहाल अधूरा है। इस सत्र का सेकेंड स्टेज विश्व कप पहले चीन के शहर शंघाई में होना था। चीन में कोरोना के फैलने से हालात खराब हो गए। स्थिति ज्यादा बिगड़ी तो वर्ल्ड आर्चरी एसोसिएशन ने चीन की जगह तुर्की में वर्ल्ड कप कराने का फैसला किया।

यह प्रतियोगिता 31 मार्च से तुर्की के अंतालिया शहर में होनी थी। अब इसको भी रद्द कर दिया गया है। निबड़िया गांव के रहने वाले विश्वास सेना में सूबेदार हैं। वर्ष 2002 में सेना में चयन होने के बाद उन्होंने देश के लिए खेलना शुरू किया था। 2006 एशियाड में उन्होंने टीम स्पर्धा में  ब्रॉन्ज मेडल जीता था। विश्वास आखिरी बार 2018 एशियाड में भारतीय टीम का हिस्सा थे। 2018 में उनके खाते में कोई मेडल नहीं आया। इस बार लगभग दो वर्ष बाद उनका भारतीय टीम में चयन हुआ। अपनी वापसी को यादगार बनाने के लिए वह कड़ी मेहनत कर रहे थे। विश्वास ने मेडल जीतने का सपना भी संजो रखा था।  

रिलेटेड पोस्ट्स