वचन पत्र में किए गए वायदे पूरे कर रही है सरकारः खेल मंत्री पटवारी

टैलेंट और जूनुन से मिलती है मंजिलः राजस्व मंत्री श्री राजपूत

राज्य स्तरीय गुरूनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेलों का शुभारम्भ

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल। टी.टी. नगर स्टेडियम में राज्य स्तरीय गुरूनानक देव प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ प्रदेश के राजस्व और परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा, खेल और युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव तथा पद्मश्री ओलम्पियन तीरंदाज दीपिका कुमारी द्वारा रंगीन गुब्बारे उड़ाकर किया गया। समारोह में मल्लखम्ब खिलाड़ियों की शानदार प्रस्तुति के साथ ही प्रदेश के दस संभागों से आये खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। समारोह में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल और युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को खेलों में प्रर्याप्त अवसर दिलाने के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ की मंशानुसार गुरूनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल की प्रदेश में शुरूआत कर सरकार ने वचन पत्र में किए वायदे को पूरा किया है। उन्होंने  खेल विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अकादमी के 822 खिलाड़ियों का बीमा कराने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है। खिलाड़ियों के हित में सरकार ने कई कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में कई गुना बढ़ोत्तरी की गई है। खिलाड़ियों को शासकीय नौकरी में 5 फीसदी आरक्षण दिये जाने का सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि खेल प्रेमी मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि दोगुनी कर उन्हें सौगात प्रदान की है।

खेल मंत्री श्री पटवारी ने बताया कि खेल विभाग द्वारा विधानसभा क्षेत्रवार प्रत्येक विधायक को लोकप्रिय खेलों के विकास के लिए पांच लाख रूपये तक के अनुदान की स्वीकृति प्रदान की जायेगी। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भागीदारी कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
समारोह को सम्बोधित करते हुए जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने खिलाड़ियों से कहा कि वे संघर्ष से घबराएं नहीं क्योंकि जीतने के लिए हार से भी सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली और खिलाड़ियों के प्रति उनकी भावना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कैबिनेट की बैठक में पर्वतारोही मेघा परमार और भावना डेहरिया को बुलाकर उनका सम्मान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रांतीय ओलम्पिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार ने इस प्रतियोगिता के माध्यम से आपको अवसर दिया है और आप कह सकते हैं कि हम भी ओलम्पियन हैं।

राजस्व और परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि बिना टैलेंट और जूनुन के खिलाड़ी अपनी मंजिल नहीं पा सकते। उन्होंने प्रांतीय ओलम्पिक में भागीदारी कर रहे खिलाड़ियों से कहा कि काफी संघर्ष के बाद आप यहां तक पहुंचे हैं, अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सफलता प्राप्त करें। समारोह को पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव ने भी सम्बोधित किया।

समारोह को सम्बोधित करते हुए पद्मश्री ओलम्पियन तीरंदाज सुश्री दीपिका कुमारी ने जहां खिलाड़ियों को मिल रही खेल सुविधाओं के लिए मध्य प्रदेश सरकार की मुक्तकंठ से सराहना की वहीं उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में करियर बनाने के संबंध में टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि मैंने जब वर्ष 2007 में तीरंदाजी खेल की शुरूआत की थी तब इतनी खेल सुविधाएं और उपकरण नहीं थे लेकिन मैंने हार नहीं मानी और आज मैं इस मुकाम पर हूं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अवसर का लाभ अवश्य उठाना चाहिए। खिलाड़ी के भीतर कान्फिडेंस जरूरी है। कोच के अलावा साथी खिलाड़ियों से भी अनुभव शेयर कर सीखना चाहिए, इससे खेल में निखार आयेगा।

संचालक खेल और युवा कल्याण डा. एस.एल. थाउसेन ने स्वागत भाषण में कहा कि प्रांतीय ओलम्पिक खेल के लिए शासन की परिकल्पना का उद्देश्य पारंपरिक खेलों के अलावा कामनवेल्थ, एशियन और ओलम्पिक के लिए प्रदेश की प्रतिभाओं को तैयार करना और उन्हें प्रतिभा प्रदर्शन के अधिकतम अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि 1 से 7 फरवरी तक राज्य स्तरीय गुरुनानक देव प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है जिसमें दस सम्भागों के खिलाड़ी दस खेलों में भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और अंत में स्मृति चिन्ह भेंट किए।
प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम समूह में 1 से 3 फरवरी तक वालीबाल, फुटबाल, कुश्ती, बैडमिंटन और कबड्डी की प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुईं।

रिलेटेड पोस्ट्स