मध्य प्रदेश की पहलवान प्रियांशी को स्वर्ण, वर्षा की चांदी

छाया और प्रियंका ने जीते कांस्य पदक

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत मध्य प्रदेश राज्य कुश्ती अकादमी की खिलाड़ी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदकों से अपने गले सजाए। इन पदकों को मिलाकर प्रदेश के खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अब तक 11 स्वर्ण, 9 रजत और 11 कांस्य सहित 31 पदक जीते हैं।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत कुश्ती में खेले गए मुकाबलों में कुश्ती अकादमी की खिलाड़ी प्रियांशी प्रजापति ने स्वर्ण, वर्षा पाण्डे ने रजत तथा छाया पटेल और प्रियंका यादव ने एक-एक कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। अंडर-17 बालिका 49 किलोग्राम भार वर्ग में कुश्ती अकादमी की खिलाड़ी प्रियांशी प्रजापति ने स्वर्ण पदक मध्यप्रदेश को दिलाया। इसी तरह 53 किलोग्राम भारवर्ग में वर्षा पाण्डे ने रजत तथा छाया पटेल ने 46 किलोग्राम भारवर्ग और प्रियंका यादव ने 61 किलोग्राम भारवर्ग में एक-एक कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाए।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गुवाहाटी पहुंचे संचालक खेल और युवा कल्याण डा. एस.एल. थाउसेन ने मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों से जरूरी जानकारी भी हासिल की। खेल संचालक डॉ. थाउसेन ने बाक्सिंग रिंग पहुंचकर  बाक्सिंग मुकाबले देखे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अकादमी की खिलाड़ी बेटियों के कुश्ती मुकाबले भी देखे और खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की।
 

रिलेटेड पोस्ट्स