सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए खेल जरूरीः डा. अशोक कुमार धनविजय

के.डी. मेडिकल कालेज में ऊर्जा-2020 का शानदार आगाज

विशाखा और शिव बने फर्राटा चैम्पियन

खेलपथ प्रतिनिधि

मथुरा। बुधवार को आर.के. एज्यूकेशन हब के शिक्षण संस्थान के.डी. मेडिकल कालेज में 15 से 22 जनवरी तक चलने वाले खेलों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ऊर्जा-2020 का शुभारम्भ निदेशक डा. अशोक कुमार धनविजय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अरुण अग्रवाल, डा. गौरव सिंह, डा. श्वेता चौधरी आदि ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने खेलभावना से खेलने की शपथ ली। आर.के. एज्यूकेशन हब के अध्यक्ष डा. रामकिशोर अग्रवाल एवं चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में सभी छात्र-छात्राओं से खेलभावना से खेलने का आह्वान किया।

ऊर्जा-2020 के शुभारम्भ अवसर पर निदेशक डा. अशोक कुमार धनविजय ने कहा कि छात्र जीवन में शिक्षा के साथ खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विशेष महत्व है। मेडिकल छात्र-छात्राओं को अपने सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए पढ़ाई के साथ किसी न किसी खेल के लिए भी समय निकालना चाहिए। डा. धनविजय ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्र-छात्राओं को सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ खेलों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। पढ़ाई-लिखाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में जहां छात्र-छात्राओं को कला के क्षेत्र में बहुत बातें सीखने को मिलती हैं वहीं खेलों से शरीर स्वस्थ रहता है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन के लिए छात्र-छात्राओं को छह ग्रुपों (ए, बी, सी, डी, ई, एफ.) में बांटा गया है। बुधवार को छात्र-छात्राओं की 100 मीटर दौड़, चार गुणा 100 मीटर रिले रेस सहित कई स्पर्धाएं हुईं। छात्र वर्ग की 100 मीटर दौड़ में डी ग्रुप के शिव प्रथम स्थान पर रहे। सी ग्रुप के पारस को दूसरा तथा एफ ग्रुप के अक्षित को तीसरा स्थान मिला। छात्राओं की 100 मीटर दौड़ में ए ग्रुप की विशाखा शर्मा प्रथम, बी ग्रुप की भूमिका द्वितीय तथा डी ग्रुप की निधि तृतीय स्थान पर रहीं।

छात्रों की चार गुणा 100 मीटर रिले रेस में सी ग्रुप को पहला स्थान मिला। छात्राओं की चार गुणा 100 मीटर रिले रेस में ए ग्रुप की चौकड़ी चैम्पियन बनी। विशाखा शर्मा, प्राची, दीप्ति और प्रियांशी गहलोत ने शुरुआत में मिली अग्रता को अंतिम क्षणों तक कायम रखा। सात दिन तक चलने वाली स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं को सम्पन्न कराने की जवाबदेही स्पोर्ट्स आफीसर सोनू शर्मा, रजित चौधरी, लक्ष्मीकांत, शुभम शर्मा तथा अभिषेक चारंग को सौंपी गई है। खेलों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ऊर्जा-2020 के शुभारम्भ कार्यक्रम का संचालन दिव्या चड्ढा ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स