तीरंदाजी में मुस्कान और चिराग ने मध्य प्रदेश को दिलाये स्वर्ण पदक

खेलपथ प्रतिनिधि

रागिनी और बबिता ने दो रजत तथा श्रृष्टि और अंतिम ने जीते दो कांस्य पदक

भोपाल:  खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रदेश के खिलाड़ी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और लगातार पदक जीतकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश को तीरंदाजी में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य, पोलवाल्ट में एक रजत तथा जूडो में एक कांस्य सहित छह पदक हासिल हुए।

तीरंदाजी के अंडर-21 बालिका वर्ग की कम्पाउण्ड स्पर्धा के फायनल मुकाबले में स्वर्ण, रजत और कांस्य सहित तीनों पदक मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की बेटियों ने हासिल किए। अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार ने 150 में से 143 अंक हासिल कर स्वर्ण, रागिनी मार्कों ने 135 अंकों के साथ रजत पदक दिलाया। तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी श्रृष्टि सिंह ने 150 में से 146 अंक हासिल कर जम्मू-कश्मीर की खिलाड़ी को परास्त कर कांस्य पदक अर्जित किया। तीरंदाजी में बालक वर्ग के अंडर-17 कम्पाउण्ड इवेंट में तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी चिराग विद्यार्थी ने 150 में से 146 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। दूसरा स्थान राजस्थान और तीसरा स्थान आंध्र प्रदेश ने हासिल किया।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत अंडर-21 बालिका वर्ग की बांसकूद स्पर्धा में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी की खिलाड़ी बबिता पटेल ने 3.50 मीटर कूदकर रजत पदक अर्जित किया। इसी तरह जूडो अंडर-21 के -48 किलोग्राम भारवर्ग में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी अंतिम यादव ने कांस्य पदक अर्जित किया।

रिलेटेड पोस्ट्स