इलेक्ट्रीशियन की बेटी चिंकी यादव ने देश को दिलाया ओलम्पिक कोटा

मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी चिंकी यादव ने रचा इतिहास 
भोपाल:
मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की प्रतिभावान पिस्टल शूटर चिंकी यादव ने दोहा में आयोजित 14वीं एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को टोक्यो ओलम्पिक का 11वां कोटा दिलाया। चिंकी ने क्वॉलीफाई करने के लिए में 588 अंक हासिल किए, जिसमें एक ‘परफेक्ट 100’ भी शामिल है। वे थाईलैंड की नेपहासवान यांग पाइबून (590) के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। ओलंपिक-2020 में भारत के लिए 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चुनी गई चिंकी दूसरी खिलाड़ी हैं। इससे पहले राही सरनोबत ने इस वर्ष की शुरूआत में म्यूनिख में विश्व कप में जीत दर्ज करके ओलम्पिक का टिकट कटाया था।
खेल और युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने चिंकी यादव के एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में किए गए शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश को ओलम्पिक कोटा दिलाकर चिंकी यादव ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने चिंकी यादव द्वारा इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चिंकी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. एस.एल. थाउसेन ने चिंकी यादव के अद्वितीय प्रदर्शन करने और देश को ओलम्पिक कोटा दिलाये जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि विश्व स्तरीय शूटिंग अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को मिल रही उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि प्रदेश के शूटिंग खिलाड़ी विश्व स्तर पर देश का परचम फहरा रहे हैं। उन्होंने चिंकी यादव के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मध्यम वर्गीय परिवार की होनहार खिलाड़ी चिंकी यादव ने साबित कर दिखाया है कि प्रतिभावान खिलाड़ी को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता हैं। हमें गर्व है कि चिंकी यादव ने मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है।
चिंकी यादव की उपलब्धियाँ
वर्ष 2012 में शूटिंग खेल में करियर बनाने का लक्ष्य लेकर प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में प्रवेश लेने वाली चिंकी यादव ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को तीन स्वर्ण, दो रजत और पाँच कांस्य सहित दस पदक दिलाये हैं। उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सात बार अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी भी की है। चिंकी यादव ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छह स्वर्ण, सात रजत और नौ कांस्य पदक सहित 22 पदक मध्य प्रदेश को दिलाये हैं। इसके अलावा चिंकी ने एक स्वर्ण और तीन रजत पदक राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में भी अर्जित किए हैं। चिंकी यादव मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक जसपाल राणा और सहायक प्रशिक्षक जयवर्धन सिंह चौहान से पिस्टल खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
चिंकी ने किया माता-पिता का सपना साकार
चिंकी के पिता मेहताब सिंह यादव खेल और युवा कल्याण विभाग में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत हैं। मध्यम वर्गीय परिवार की चिंकी अपने माता-पिता के साथ तात्या टोपे स्टेडियम के आवासीय परिसर में निवासरत हैं। चिंकी बचपन से ही स्टेडियम में खिलाड़ियों को शूटिंग की प्रैक्टिस करते देखा करती थी। यहीं से ही शूटिंग के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया। चिंकी के छोटे भाई भी शूटर हैं। चिंकी यादव ने साल 2017 में जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप के दौरान कांस्य पदक अपने नाम किया था तब चिंकी के पिता मेहताब सिंह यादव ने कहा था कि शूटिंग काफी महंगा खेल है। मेरे पास इस खेल के इक्विपमेंट खरीदने के पैसे भी नहीं थे, लेकिन खेल विभाग ने मेरे परिवार की पूरी मदद की। 

रिलेटेड पोस्ट्स