मध्य प्रदेश के एथलीटों ने जीते चार स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक

35वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2019
भोपाल:
आंध्र प्रदेश के नागार्जुन यूनिवर्सिटी गुंटूर में चल रही 35वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ी इकराम अली खान ने डिस्कस थ्रो तथा सुनील डाबर ने दौड़ में मध्य प्रदेश को एक-एक स्वर्ण पदक दिलाया। जबकि संदीप कुमार ने पोल वाॅल्ट और बजरंगी प्रजापति ने पैदल चाल स्पर्धा में एक-एक कांस्य पदक अर्जित किया। इन पदकों के साथ अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा अब तक चार स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल सात पदक मध्य प्रदेश को दिलाए हैं।
इससे पूर्व मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी सुनील डाबर ने 1500 मीटर दौड़ और आदित्य रघुवंशी ने लांगजंप में एक-एक स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाए। चैम्पियनशिप में सुनील डाबर ने 1500 मीटर दौड़ को 3ः48.52 मिनट में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। वर्ष 2018 में गुजरात के अजीत कुमार ने 1500 मीटर दौड़ को 3ः49.88 मिनट में पूरी कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था जिसे अकादमी के खिलाड़ी सुनील ने तोड़ते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया। इसी तरह अकादमी के खिलाड़ी आदित्य रघुवंशी ने 1.5 मीटर ऊंचीकूद का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इससे पूर्व वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश के विजय मलिक ने 1.93 मीटर का राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया था। प्रतियोगिता में अकादमी की खिलाड़ी बबिता पटेल ने 3.20 मीटर के साथ पोल वाल्ट में रजत पदक अर्जित किया। संचालक खेल और युवा कल्याण डा. एस.एल. थाउसेन ने अकादमी के पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में उनके द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन की सराहना की। 

रिलेटेड पोस्ट्स