नेहरू हाॅकी चैम्पियन टीम के खिलाड़ियों ने की खेल संचालक से भेंट

भोपाल: नई दिल्ली से विजेता बनकर लौटी मध्य प्रदेश राज्य हाॅकी टीम के खिलाड़ियों ने आज टी.टी. नगर स्टेडियम पहुंचकर खेल संचालक डाॅ. एस.एल. थाउसेन से भेंट की। इस अवसर पर अकादमी के चीफ कोच श्री राजिन्दर सिंह एवं सहायक प्रशिक्षक श्री मंगल वेद भी उपस्थित थे।
खेल संचालक डाॅ. थाउसेन ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को उनकी शानदार जीत के लिए शाबाशी एवं बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि अकादमी के अंडर-15 वर्ग के बालक खिलाड़ियों ने साबित कर दिखाया है कि सब जुनियर हाॅकी में मध्य प्रदेश हाॅकी अकादमी के खिलाड़ी चैम्पियन हैं। उन्होंने खिलाडियों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। उन्होंने खिलाड़ियों को इसी तरह का प्रदर्शन बनाए रखने और प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। खेल संचालक ने हाॅकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री राजिन्दर सिंह से चर्चा कर खिलाड़ियों के प्रदर्शन और आगामी प्रतियोगिताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी हासिल की।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में आयोजित 37वें नेहरू सब जूनियर अंडर-15 हॉकी टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला मध्यप्रदेश राज्य हाॅकी अकादमी टीम के खिलाड़ियों ने जीता। विजेता टीम को ट्रॉफी और एक लाख साठ हजार रुपए की सम्मान निधि से पुरस्कृत किया गया। अकादमी के खिलाड़ी अंकित पाल को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित कर उन्हें 25 हजार रूपए की सम्मान निधि प्रदान की गई। इसी तरह मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री राजिन्दर सिंह को भी 15 हजार रूपए की सम्मान निधि प्रदान की गई।

रिलेटेड पोस्ट्स