ओडिशा को शिकस्त देकर म.प्र. हॉकी अकादमी ने जीता खिताब

नेहरू सब जूनियर अंडर-15 हॉकी टूर्नामेंट-2019
खेल मंत्री और खेल संचालक ने दी बधाई
भोपाल: नई दिल्ली में खेले गए 37वें नेहरू सब जूनियर अंडर-15 हॉकी टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला मध्यप्रदेश राज्य हाॅकी अकादमी टीम के खिलाड़ियों ने जीत लिया।  विजेता टीम को ट्रॉफी और एक लाख साठ हजार रुपए की सम्मान निधि से पुरस्कृत किया गया। अकादमी के खिलाड़ी अंकित पाल को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित कर उन्हें 25 हजार रूपए की सम्मान निधि प्रदान की गई। इसी तरह मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक राजिन्दर सिंह को भी 15 हजार रूपए की सम्मान निधि प्रदान की गई। फाइनल मुकाबले में अकादमी की टीम ने टाउन गवर्नमेंट हाई स्कूल, ओडिशा को 6-0 से हराकर विजेता का खिताब जीता।

म. प्र. हॉकी अकादमी को मिली इस कामयाबी पर प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री  जीतू पटवारी और संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस. एल. थाउसेन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम मध्य प्रदेश को बधाई दी है। मध्यप्रदेश राज्य हाॅकी अकादमी के मुख्य कोच राजिन्दर सिंह और सहायक प्रशिक्षक मंगल वेद  के नेतृत्व में गए खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली में यह धमाकेदार जीत हासिल की है।
फाइनल मुकाबले में मैच के 20वें मिनट में अकादमी के खिलाड़ी जैद खान ने पेनाल्टी स्ट्रोक से पहला गोल किया। मैच के 26वें मिनट में दानिश उद्दीन ने टीम के लिए दूसरा फील्ड गोल किया। इसी तरह मैच के 38वें मिनट में कोनेन दाद ने फील्ड गोल कर टीम को 3-0 से बढ़त दिलाई। मैच के 42वें मिनट में अकादमी के खिलाड़ी जमीर हफीज ने टीम के लिए चैथा फील्ड गोल किया। मैच के 44वें और 56वें मिनट में टीम के खिलाड़ी जैद खान ने 1-1 फील्ड गोल कर टीम को 6-0 से विजय दिलायी। जैद खान ने मैच में कुल तीन गोल किए।

रिलेटेड पोस्ट्स