यमुनानगर का रोहित करेगा भारत का प्रतिनिधित्व

यमुनानगर। चीन के निंगबो प्रांत में 2 नवंबर से आयोजित होने वाली 2 दिवसीय विश्व कप ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में शहर के खिलाड़ी रोहित पुंडीर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। रोहित पुंडीर का कहना है कि उनकी टीम विश्व कप विजेता बनेगी।
इससे पूर्व रोहित ने भोपाल में राष्ट्रीय स्तर की 2019 की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल करके विश्व कप प्रतियोगिता के लिए टीम में अपना स्थान बनाया था। वह पेशे से पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।  रोहित ने यमुनानगर से शिक्षा हासिल करने के बाद पंजाब विश्व विद्यालय चंडीगढ़ से स्नातक की डिग्री हासिल की है। उनके पिता राजबीर पुंडीर नेशनल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक है और बड़े भाई दीपक दिल्ली में एसडीएम के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बुधवार को रोहित चीन के लिए रवाना हुआ। जाने से पूर्व उसने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भोपाल में स्वर्ण पदक हासिल किया था, इसी प्रकार चीन में भी वे स्वर्ण पदक हासिल करके भारत का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि वे ड्रेगन बोट प्रतियोगिता के लिए चंडीगढ़ की सुखना झील में लगातार अभ्यास करते हैं। यमुनानगर रहते हुए भी वे हर रोज चंडीगढ़ सुबह 5 बजे निकलते हैं और सुखना झील में अभ्यास करते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स