उत्तराखंड की बेटी ने रचा इतिहास

फ्लरबॉल चैम्पियनशिप में सर्वाधिक स्कोर करने वाली भारतीय खिलाड़ी बनी
खेलपथ प्रतिनिधि
ग्वालियर। उत्तराखंड की प्रतिभावान बेटी नैन्सी बिष्ट ने उत्तराखंड के साथ ही देश का नाम अंतरराष्ट्रीय फलक पर रोशन किया है। नैन्सी ने सिंगापुर में हुई एशियाई फ्लरबॉल चैंपियनशिप-2018 में भारतीय महिला टीम से खेलते हुए पहला गोल दाग कर इतिहास रचा। अपनी खेल प्रतिभा के दम पर नैन्सी ने चैंपियनशिप में सर्वाधिक स्कोर करने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने का गौरव भी हासिल किया। 
जौनसार-बावर के कालसी ब्लॉक स्थित अठगांव-चंदौऊ खत के ग्राम दिलोऊ निवासी नैन्सी की शुरुआती शिक्षा भी दिल्ली में ही हुई। वर्तमान में वह ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से बीएससी कर रही है। बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाली नैन्सी 12वीं राष्ट्रीय फ्लरबॉल चैंपिंयनशिप-2017 में शानदार प्रदर्शन कर बेस्ट महिला खिलाड़ी का अवार्ड जीत चुकी है।
इसके बाद उसे सिंगापुर में आयोजित एशियाई फ्लरबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला टीम में शामिल किया। यहां नैन्सी ने भारतीय टीम की ओर से पहला गोल दाग कर इतिहास रचा। वह चैंपियनशिप में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी बनी और सातवीं रैंक हासिल की।
नैन्सी के पिता कल सिंह बिष्ट केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में उप-महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं व उनकी माता सीमा बिष्ट गृहणी हैं। एशियाई चैंपियनशिप में प्रदेश एवं देश का नाम अंतरराष्ट्रीय फलक पर रोशन करने वाली नैन्सी को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बीते 23 दिसबंर को कालसी में आयोजित यमुना शरदोत्सव, क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में सम्मानित किया। 
रिलेटेड पोस्ट्स