गगन, ऋतिका बने हिमाचल अंडर-19 बैडमिंटन चैम्पियन

शिमला। हिमाचल प्रदेश अंडर-19 राज्यस्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप आज सोलन जिला के कुमारहट्टी में सम्पन्न हो गई। समापन समारोह की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष व दिल्ली विकास प्राधिकरण के निदेशक व वरिष्ठ एचएएस अधिकारी केके शर्मा ने की और विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने इस मौके पर हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की व्यावसायिक वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। प्रतियोगिता में शिमला जिला का दबदबा रहा और लड़के तथा लड़कियों के एकल, डबल और मिश्रित मुकाबले इस बार शिमला जिला की झोली में गए। फाइनल मुकाबले में पुरुषों के एकल वर्ग में शिमला के गगन ग्रोवर अंडर-19 चैंपियन बने।

गगन ने शिमला के ही धर्मेंद्र ठाकुर को 2-1 से पराजित किया। कांगड़ा के अमन चौधरी और कांगड़ा के ही दिव्यांश एकल वर्ग में क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। लड़कियों के अंडर-19 एकल मुकाबले में शिमला की ऋतिका शर्मा चैंपियन बनीं। ऋतिका ने शिमला की सहजल चौहान को 2 सेटों में मात दी। सिरमौर की तेजस्वीनी ठाकुर और शिमला की प्रांजल चौहान लड़कियों के एकल वर्ग में तीसरे और चौथे स्थान पर रही। लड़कों के डबल मुकाबले में धर्मेंद्र ठाकुर और हरप्रीत सिंह हिमाचल चैंपियन बने। उन्होंने तीन सेटों के संघर्ष पूर्ण मुकाबले में अक्षत खन्ना और गगन ग्रोवर को पराजित किया। लड़कों के ही डबल मुकाबले में कुल्लू के अमन ठाकुर और दोरजे तमांग तीसरे तथा शिमला के अनिकेत रेयान और मानिक गौतम चौथे स्थान पर रहे। लड़कियों के डबल मुकाबले में शिमला की प्रांजल चौहान और सहजल चौहान चैंपियन बनी।

उन्होंने हमीरपुर और कांगड़ा की नवनीत व रूबी को हराया। लड़कियों के इसी वर्ग में कांगड़ा की गुनगुन और सहजल चंदेल तीसरे तथा कांगड़ा की ही अक्षिता और ज्योतशिखा चौथे स्थान पर रही। मिश्रित मुकाबलों में शिमला के धर्मेंद्र ठाकुर और सहजल चौहान ने बाजी मारी। उन्होंने गगन ग्रोवर और एंजलिका डेविड की जोड़ी को संघर्षपूर्ण मुकाबले में मात दी। इस वर्ग में कांगड़ा के अमन चौधरी और अक्षिता तीसरे तथा कुल्लू व शिमला के दोरजे तमांग और प्रांजल चौहान चौथे स्थान पर रही। इसी प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन के लिए लड़के और लड़कियों की अंडर-19 टीम का भी चयन हुआ। इस प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन चीफ सलेक्टर चंद्रशेखर तुर्की ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी अंडर-19 टीम की घोषणा की।

रिलेटेड पोस्ट्स