इंदौर शहर को खेल के क्षेत्र में विश्वस्तरीय बनाएंगेः खेल मंत्री

नेहरू स्टेडियम को पूरे नये स्वरूप में बनाया जायेगा
इंदौर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्वीमिंग एकेडमी और कुश्ती एकेडमी स्थापित होगी
भोपाल: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने कहा है कि इंदौर को विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त अनेकों खेल सुविधाएं दी जाएंगी। इंदौर के नेहरू स्टेडियम को नए स्वरूप में खिलाड़ियों और खेलप्रेमी जनता को लौटाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम पूरे नये स्वरूप में बनेगा और यहाँ सिर्फ खेल गतिविधियाँ ही संचालित होंगी। इंदौर में शीघ्र ही स्वीमिंग तथा कुश्ती एकेडमी की स्थापना भी की जाएगी। साथ ही शहर के प्रसिद्ध बिलावली तालाब की जल क्षमता बढ़ाकर उसे वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए तैयार किया जाएगा। आगामी वर्ष 2020 में इसी बिलावली तालाब में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन होगा। बीजलपुर में निर्मित होने वाले एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी के अलावा और भी खेलों के लिये सुविधाएं जुटायी जाएंगी। खेल मंत्री पटवारी ने यह विचार इंदौर में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित खेल स्थलों के निरीक्षण के दौरान व्यक्त किए। इस अवसर पर महापौर मालिनी गौड़, संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव, संचालक खेल एवं युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन, नगर निगम आयुक्त आशीष सिंह, संयुक्त संचालक खेल बी.एस. यादव, नगर निगम के सभापति अजय सिंह नरुका, विनय बाकलीवाल, सदाशिव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
पिपलियाहाना पर लगभग 22 करोड़ रूपये की लागत से बन रहे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल के कार्यों के अवलोकन से अपने भ्रमण की शुरूआत करते हुए खेल मंत्री श्री पटवारी ने प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाये। उन्होंने इस स्वीमिंग पूल में सभी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं जुटाने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि इसके निर्माण में कोई कोर कसर नहीं रखी जाये। जरूरत पड़ने पर स्वीमिंग पूल में अन्य कार्य भी करवाये जाएं। इसके बाद श्री पटवारी नेहरू स्टेडियम पहुंचे। यहाँ उन्होंने स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्हें अवगत कराया गया कि नेहरू स्टेडियम वर्ष 1962 में बनाया गया जिसके निर्माण की आयु पूरी हो गई है। श्री पटवारी ने कहा कि स्टेडियम को पूरे नये स्वरूप में तैयार किया जाये और यहाँ होस्टल सहित अन्य सभी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराते हुए इसका प्रस्ताव तैयार किया जाए। इस स्टेडियम को नगर निगम, खेल एवं युवा कल्याण और अन्य विभागों के सहयोग से तैयार किया जायेगा। उन्होंने अतिक्रमण के चिन्हांकन के निर्देश भी दिये। इसके बाद वे बिलावली तालाब पहुंचे। यहाँ उन्होंने कहा कि बिलावली तालाब की जल क्षमता बढ़ाकर इसे वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों के लिये तैयार किया जायेगा। ताकि बारहों महीने इस तालाब में पानी रहे। इसके लिये नर्मदा क्षिप्रा लिंक योजना से इसे जोड़ना प्रस्तावित है। उन्होंने तालाब तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि इसी बिलावली तालाब में वर्ष 2020 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इसके पश्चात श्री पटवारी बीजलपुर में बनने वाले एस्ट्रोटर्फ हॉकी काम्पलेक्स स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की और कहा कि इस काम्पलेक्स का निर्माण शीघ्र शुरू करें। पहले इस काम्पलेक्स के लिये छह एकड़ जमीन उपलब्ध करायी गई थी, अब इस काम्पलेक्स के लिये 15 एकड़ जमीन का आवंटन हो चुका है। आवंटित जमीन का सीमांकन कर शीघ्र काम शुरू करने के निर्देश उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। श्री पटवारी ने कहा कि इस काम्पलेक्स में और भी खेलों के लिये जगह विकसित की जायेगी।
रिलेटेड पोस्ट्स