विनोद सिंह और संजना सिंह ने जीते 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक

तीन दिवसीय फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैम्पियनशिप
खेलपथ संवाद
प्रयागराज। मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही 23वीं राष्ट्रीय जूनियर (अण्डर-20) एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन पुरुषों की 3000 मीटर दौड़ के फाइनल में मध्य प्रदेश के विनोद सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 8 मिनट 14.22 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान प्राप्त किया।
इस रोमांचक दौड़ में गुजरात के विवेक चंद ने 8:14.81 मिनट के समय के साथ रजत और छत्तीसगढ़ के राहुल कुमार वर्मा ने 8:15.25 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक जीता। उत्तर प्रदेश के सचिन यादव (8:16.27) और हरियाणा के अमन कुमार (8:17.01) ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया। सुबह के सत्र में 3000 मीटर दौड़ में आठ पुरुष धावकों ने प्रतियोगिता के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया।
तमिलनाडु के कविनराज एस ने भी पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में कुलदीप कुमार के 5.10 मीटर के प्रतियोगिता के पिछले रिकार्ड को तोड़कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 5.11 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया।
पुरुषों की 3,000 मीटर दौड़ में आठ धावकों ने पंजाब के संगरूर में 2021 में अजय द्वारा बनाए गए 8:26.72 मिनट के प्रतियोगिता के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। मध्य प्रदेश के विनोद सिंह ने हालांकि अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए 8:14.22 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। इस इवेंट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अजय कुमार पटेल के नाम है, जिन्होंने 2008 में बैंकॉक में 8:09.97 मिनट का समय दर्ज किया था, जबकि मीट रिकॉर्ड अजय के नाम है, जिन्होंने 2021 में संगरूर में 8:26.72 मिनट का समय निकाला था। हरियाणा के हिमांशु ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में 10.49 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। महिलाओं की 100 मीटर दौड़ उत्तर प्रदेश की निपम ने 11.86 सेकेंड का समय लेकर जीती।
दौड़ में उत्तर प्रदेश के धावकों का दबदबा रहा, जिनमें से कई ने शीर्ष 10 में जगह बनाई। हालांकि, कुछ धावक जैसे मध्य प्रदेश के सौरभ पाल और उत्तर प्रदेश के विक्की पटेल दौड़ पूरी नहीं कर सके, जबकि महाराष्ट्र के मोहित जगताप और पंजाब के परमिंदर शर्मा ने दौड़ में हिस्सा नहीं लिया। चैम्पियनशिप 22 से 24 जून तक चलेगी, जिसमें देशभर के युवा एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
संजना सिंह ने जीता महिलाओं की 3000 मीटर दौड़ का स्वर्ण
वहीं चैम्पियनशिप के पहले दिन महिलाओं की 3000 मीटर दौड़ के फाइनल में हरियाणा की संजना सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 9 मिनट 51.77 सेकेंड का समय दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर गुजरात की शिल्पा डिहोरा रहीं, जिन्होंने 9:53.19 मिनट का समय निकाला और रजत पदक जीता। उत्तर प्रदेश की अंशु ने 9:53.30 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया। छत्तीसगढ़ की कुमारी शीतल (9:53.44) और जूनियर कैंप 1 की प्रियंका ओक्सा (9:56.68) ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान प्राप्त किया।
इस इवेंट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड सुनीता रानी के नाम है, जिन्होंने 1996 में सिडनी में 9:13.57 मिनट का समय दर्ज किया था। वहीं, मीट रिकॉर्ड बी. खान गौरी के नाम है, जिन्होंने 2023 में तिरुवन्नमलाई में 9:35.21 मिनट का समय निकाला था। उत्तर प्रदेश की देवी प्रजापति दौड़ पूरी नहीं कर सकीं।