महाराष्ट्र फिर बना नम्बर एक, राजस्थान ने सबको चौंकाया

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का हुआ समापन

खेलपथ संवाद

पटना। बिहार में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महाराष्ट्र का दबदबा रहा। अंतिम दिन महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने कुल 9 पदक जीते। इस खेल में महाराष्ट्र ने कुल 158 मेडल जीते हैं वहीं उनके खिलाड़ियों ने 58 स्वर्ण पदक, 47 रजत और 53 कांस्य पदक जीतकर मेडल तालिका में शीर्ष पर रहे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन आज 15 मई को हुआ। समापन समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे भी शामिल थीं। 12 दिवसीय खेलो इंडिया युवा खेलों के दौरान 27 खेलों में 285 स्वर्ण पदक दिए गए।

इस दौरान खेल मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की शानदार सफलता के साथ बिहार ने उत्कृष्टता और उत्साह के साथ राष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है जो भविष्य के लिए एक नया मानदंड स्थापित करता है। उम्मीद है बिहार और भी खेलों की मेजबानी कुशलता पूर्वक करेगा।

महाराष्ट्र के बाद दूसरे नम्बर पर 39 स्वर्ण पदक के साथ हरियाणा है। हरियाणा ने कुल 117 मेडल जीते। वहीं 24 गोल्ड के साथ राजस्थान तीसरे नम्बर पर रहा। राजस्थान ने कुल 60 मेडल जीते। चौथे स्थान पर कर्नाटक रहा। जिन्होंने कुल 58 मेडल जीते। वहीं इस दौरान उन्होंने 16 गोल्ड पर कब्जा जमाया। टॉप-5 में दिल्ली भी शामिल रहा। 16 गोल्ड मेडल के साथ दिल्ली ने कुल 68 मेडल जीते।

बिहार ने अपने प्रदर्शन से सभी को चौंकाया

मेजबान बिहार ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। पहली बार है, जब बिहार ने कुल 36 पदक जीते हैं। बिहार 7 गोल्ड के साथ पदक तालिका में 15वें नंबर पर रहा। इस दौरान बिहार ने 7 गोल्ड, 11 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज मेडल जीते। बिहार पिछले चरण में 21वें स्थान पर रहा था लेकिन खिलाड़ियों की लगन और मेहनत ने राज्य को 6 स्थान ऊपर पहुंचा दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स