बहादुरगढ़ के धावकों ने दौड़ में दिखाई बहादुरी

21 किलोमीटर दौड़ में अशोक कुमार को पहला स्थान

खेलपथ संवाद

बहादुरगढ़। देश के अलग-अलग हिस्सों दिल्ली, बैंगलोर, नोएडा और चंडीगढ़ में आयोजित हुई दौड़ प्रतियोगिताओं में बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के धावकों ने शानदार प्रदर्शन किया। धावक अशोक कुमार ने नोएडा में हुई 21 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में पहला स्थान पाया।

द्वारका में ड्रीम ऑफ फिटनेस द्वारा आयोजित 10 किलोमीटर रन में बीआरजी का शानदार प्रदर्शन रहा। एक हजार से अधिक धावकों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। इस आयोजन में दीपक छिल्लर और नीरज छिल्लर को एम्बेसडर के रूप में आमंत्रित किया गया। टीम बीआरजी को सक्रिय भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

बी.आर.जी. सदस्य दीपक छिल्लर ने बताया कि धावक अशोक शर्मा ने 60 प्लस आयु वर्ग में 5 किलोमीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया वहीं नीरज छिल्लर ने अपने आयु वर्ग में 10 किलोमीटर दौड़ में तीसरा स्थान पाया। विकास हुड्डा, राजेश रघुवंशी, अशोक, मुकेश, वेदप्रकाश, सुमित राणा, विहान छिल्लर और अजय ने भी सफलतापूर्वक दौड़ पूरी की।

10 किलोमीटर बेंगलुरु में भी बीआरजी का जलवा रहा। यहां पर प्रोकैम द्वारा आयोजित 10 किलोमीटर बेंगलुरु दौड़ में टीम बीआरजी के 15 सदस्यों ने भाग लिया और बहादुरगढ़ शहर का प्रतिनिधित्व किया। धावक सुरेंद्र दलाल, कृष्ण भारद्वाज, गुलाब सिंह, सुरेश तोमर, देवेंद्र किशोर, अनुराग शर्मा, दिनेश, नरेंद्र राम ने दौड़ पूरी की। वहीं अरुण विजयरण, सनी राणा और सुमित ने प्रोकैम स्लैम का खिताब अर्जित किया। जिसमें वर्षभर के 4 प्रमुख इवेंट्स (बैंगलोर 10 के, वेदांता दिल्ली हॉफ मैराथन, टाटा स्टील कोलकाता 25 के, टाटा मुंबई मैराथन) को सफलतापूर्वक पूर्ण करना शामिल है।

ग्रेटर नोएडा हॉफ मैराथन में भी बीआरजी के धावकों ने अच्छा प्रदर्शन किया। ग्रेटर नोएडा हाफ मैराथन में डा. किरण छिल्लर को ब्रांड एम्बेसडर के रूप में आमंत्रित किया गया। यहां पर अशोक कुमार ने 21 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बह्मप्रकाश मान 55 प्लस आयु वर्ग में 21 किलोमीटर दौड़ में तीसरे स्थान पर रहे।

राजेंद्र सिंह ने 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम और शमशेर सिंह ने 45 प्लस आयु वर्ग में द्वितीय स्थान पाया। चंडीगढ़ में पंजाब हाफ मैराथन में बहादुरगढ़ की उपस्थिति रही। धावक गुरदीप ने चंडीगढ़ में आयोजित पंजाब हाफ मैराथन में 10 किलोमीटर दौड़ में अपने आयु वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर बहादुरगढ़ का नाम रोशन किया।

रिलेटेड पोस्ट्स