वाराणसी की हॉकी बेटी पूजा ऑस्ट्रेलिया में दिखाएगी कौशल

पहली बार भारतीय महिला हॉकी टीम में मिला प्रतिनिधित्व

खेलपथ संवाद

वाराणसी। भारतीय महिला हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज खेलेगी। भारतीय महिला हॉकी टीम में वाराणसी के गंगापुर की निवासी पूजा यादव का चयन हुआ है। मिडफील्डर पूजा भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली वाराणसी की पहली महिला खिलाड़ी है।

पूजा ने बताया कि वह अपने माता-पिता की तपस्या के कारण यहां तक पहुंची है। पिता महेंद्र यादव दूध बेचने का काम करते हैं। माता कलावती देवी गृहणी हैं। उसके छह बहन व एक भाई है। वह पांचवें नम्बर पर है। पूजा ओलम्पियन ललित उपाध्याय की वीडियो देख कर हॉकी खेल से प्रेरित हुई। गंगापुर से उसने अपनी हॉकी यात्रा शुरू की। वहां से साई के कोच द्वारा उसका खेल निखारा गया। अभी लखनऊ साई हॉस्टल में है। पूजा पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से बीए कर रही हैं।

हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के कारण खेलों का बहुत विकास हो रहा है। कहा कि पूजा के चयन के बाद अब यहां की बालिका खिलाड़ी इस खेल की तरफ और आकर्षित होंगी। हॉकी वाराणसी के सचिव केबी रावत ने कहा कि बनारस के हॉकी के लिए 14 अप्रैल, 2025 यादगार लम्हा बन गया। पहली बार वाराणसी की महिला हॉकी खिलाड़ी को नीली जर्सी पहनने का मौका मिला है।

रिलेटेड पोस्ट्स