सारिका ने बेंगलुरू मास्टर्स मैराथन में जीता कांस्य पदक

हरियाणा की बेटी अब इंडोनेशिया में दिखाएगी दम

खेलपथ संवाद

कनीना। मैराथन में हिस्सा लेने वाली गुढा गांव की बेटी सारिका ने हाल ही में बेंगलुरू में आयोजित 45वीं मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अक्टूबर-2025 में इंडोनेशिया में होने वाली चैम्पियनशिप का टिकट भी कटा लिया है। सारिका की इस कामयाबी से परिजनों तथा ग्रामीणों में खुशी खुशी का माहौल है।

कनीना विकास खंड के गांव गुढा निवासी सारिका दिल्ली पुलिस में बतौर एचसी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वह 2006 में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुई थीं। ड्यूटी से घर लौटने पर पार्क में सैर पर जाने लगी। वहां कई महिलाओं को प्रेरणा मान मैंने दौड लगाना शुरू कर दिया। उसके बाद मैराथन का आयोजन हुआ जिसमें भाग लेकर अपना श्रेष्ठ स्थान हासिल किया।

सारिका बताती हैं कि वह पिछले करीब डेढ वर्ष में 8 हाफ मैराथन 21 किलोमीटर, 14 मैराथन 10 किलोमीटर, 6 मैराथन 5 किलोमीटर की पूरी कर चुकी हैं। स्वयं को फिट रखने के लिए वह प्रतिदिन 8-10 किलोमीटर दौड़ लगाती हैं। पिछले दिनों दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 10 व 5 किलोमीटर दौड़ में सारिका ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। उसके बाद उन्होंने कांतिरावा खेल स्टेडियम बेंगलूरु में आयोजित 45वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2025 में 5 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करने के बाद सारिका का चयन एशियन और विश्व मास्टर्स चैम्पियनशिप प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

पति अनिल यादव का मिला सहयोग

सारिका ने बताया कि वर्ष 2003 में उनकी शादी सिसोठ, महेंद्रगढ़ निवासी अनिल यादव के साथ हुई, जो उस समय भारतीय सेना के सिपाही थे। उनकी बेटी हिमांशु यादव मेडिकल की पढ़ाई कर रही है वहीं बेटा दीपांशु यादव काॅलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। उन्होंने बताया कि वह अपने पति अनिल यादव के सहयोग से ही मैराथन में हिस्सा ले रही हैं। सारिका की उपलब्धि से उनके परिजन भी खुश हैं।

 

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स