हरिद्वार में हरियाणा के पहलवान रहे ओवरऑल चैम्पियन

38वें राष्ट्रीय खेमों में जीते 14 पदक, फिर बोली तूती
खेलपथ संवाद
हरिद्वार। 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा ने 313 अंक प्राप्त करके रेसलिंग की अंक तालिका में प्रथम स्थान के साथ ओवरऑल चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। एसएससीबी 245 अंक के साथ दूसरे और दिल्ली 199 अंक बटोर कर तीसरे स्थान पर रही। हरियाणा रेसलिंग टीम के कोच संजय लाठर ने बताया कि यह टीम की शानदार उपलब्धि है और हमें हरियाणा के पहलवानों पर गर्व है।
हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन के महासचिव कोच राकेश सिंह सांगवान ने इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदेश के सभी पहलवानों को बधाई दी है। इस अवसर पर डायरेक्टर कम्पटीशन वी.एन. प्रसाद, हरियाणा टीम कोच संजय लाठर, सतीश व मुकेश देवी, टीम मैनेजर सुरेंद्र, तकनीकी अधिकारी राजेंद्र नैन आदि ने भी पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
हरियाणा टीम के पदक विजेता पहलवानों में साहिल (60 किलोग्राम ग्रीको-रोमन) स्वर्ण पदक, सुनील (87 किलोग्राम ग्रीको-रोमन) स्वर्ण पदक, तपस्या (57 किलोग्राम महिला रेसलिंग) स्वर्ण पदक, कल्पना (62 किलोग्राम महिला रेसलिंग) स्वर्ण पदक, राधिका (68 किलोग्राम महिला रेसलिंग) स्वर्ण पदक, प्रिया (76 किलोग्राम महिला रेसलिंग) स्वर्ण पदक, सुमित (57 किलोग्राम फ्री स्टाइल) रजत पदक, सचिन (86 किलोग्राम फ्री स्टाइल) रजत पदक, अनिल (67 किलोग्राम ग्रीको रोमन) रजत पदक, सिद्धार्थ (65 किलोग्राम फ्री स्टाइल) कांस्य पदक, प्रदीप (97 किलोग्राम फ्री स्टाइल) कांस्य पदक, अंकुश (130 किलोग्राम ग्रीको-रोमन) कांस्य पदक, विनीता (50 किलोग्राम महिला रेसलिंग) कांस्य पदक, ज्योति (53 किलोग्राम महिला रेसलिंग) कांस्य पदक शामिल हैं।