राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा ने एक दिन में जीते 20 पदक

मंगलवार को सात स्वर्ण पदक के साथ योगासन में चांदी
खेलपथ संवाद
देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए मंगलवार मंगलमय रहा। हरियाणा के खिलाड़ियों ने कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में एक ही दिन में 7 स्वर्ण, 7 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 20 पदकों पर कब्जा जमाया। उत्तराखंड में मौजूद हरियाणा ओलम्पिक संघ (एचओए) के पदाधिकारी रिटायर्ड कर्नल राजपाल सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
अब इस प्रदर्शन के बाद हरियाणा पदक तालिका में 113 पदकों के साथ चौथे नंबर पर बरकरार है। जिसमें 29 स्वर्ण, 40 रजत और 44 कांस्य पदक शामिल हैं। 37वें राष्ट्रीय खेलों में अपने तीन नंबर के रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए हरियाणा 4 स्वर्ण पदक दूर है। तीसरे नंबर पर काबिज कर्नाटक के 33 स्वर्ण के साथ कुल 75 पदक, दूसरे नंबर पर काबिज महाराष्ट्र के 41 स्वर्ण, 52 रजत व 53 कांस्य सहित कुल 146 पदक हैं। वहीं पहले नंबर पर काबिज एसएससीबी के 54 स्वर्ण के साथ कुल 97 पदक हैं।
मंगलवार को किस खेल में कितने पदक आए
कुश्ती में दो स्वर्ण सहित छह पदक
62 किग्रा भारवर्ग में कल्पना व 87 किग्रा में सुनील ने स्वर्ण पदक जीता है। 67 किग्रा में अनिल और 57 किग्रा में सुमित ने रजत और 97 किग्रा में प्रदीप और 50 किग्रा में विनिता ने कांस्य पदक पर दांव मारा है।
नेटबॉट में महिला व पुरुष टीम को स्वर्ण
हरियाणा महिला नेटबॉल टीम ने केरल की टीम को 32-29 और पुरुष टीम ने तेलंगाना को 23-20 से हराकर स्वर्ण पदक जीता है। दो दिन पूर्व देहरादून में नेटबॉल ट्रेडिशनल खेल में पुरुष व महिला वर्ग की टीमों ने फाइनल में स्वर्ण जीता था। जिसमें क्रमश: महिला-पुरुष टीम ने राजस्थान को 57-55 और उत्तराखंड को 74-71 के अंतर से हराया था।
फेंसिंग में एक स्वर्ण सहित दो पदक
फेंसिंग में तनिष्का खत्री ने स्वर्ण पदक और कनुप्रिया ने कांस्य पदक जीता है।
जूडो में एक स्वर्ण समेत तीन पदक
जूडो में तीसरे दिन 70 किग्रा भार वर्ग में गरिमा ने स्वर्ण, 81 किग्रा में नरेंदर ने रजत और 70 किग्रा वर्ग में मोनिका हुड्डा ने कांस्य जीता है।
इन्होंने भी जीते पदक
- महिला एपी इवेंट में शीतल दलाल और प्राची लोहान ने कांस्य पदक जीता है।
- महिला श्रेणी की 10 हजार मीटर की रेस वॉक में जींद की रवीना ने स्वर्ण पदक जीता है।
- एमटीबी साइकिलिंग ने सिवेन ने रजत पदक जीता है।
- हेप्टाथलान में पूजा ने रजत पदक पर कब्जा जमाया है।
- जिम्नास्ट में नजदीकी मुकाबले में योगेश्वर सिंह ने रजत पदक पर कब्जा जमाया है।