हॉकी खिलाड़ी नेहा गोयल और सुनील ने लिए सात फेरे

संघर्ष से पाया मुकाम, किस्मत से जीवन साथी
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर नेहा गोयल करनाल के राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी सुनील संग सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंध गईं। रविवार देर रात हुए शादी समारोह में हॉकी फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ ही पुरुष व महिला हॉकी टीम के अनेक खिलाड़ी शामिल हुए और विश्व पटल पर हॉकी में धाक जमाने के बाद अब जिन्दगी की नयी पारी शुरू करने जा रही नेहा गोयल को सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुरथल रोड स्थित उत्सव गार्डन में आयोजित शादी समारोह में हॉकी फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ ही अनेक ओलम्पियन व अन्य खिलाड़ी पहुंचे। हॉकी इंडिया के सचिव भोलानाथ, भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह, द्रोणाचार्य अवॉर्डी एवं भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान प्रीतम सिवाच, कुलदीप सिवाच सहित अन्य पदाधिकारियों ने नेहा को शादी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शादी समारोह में पहुंचे महिला व पुरुष हॉकी खिलाड़ियों ने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया।
खिलाड़ियों में ओलम्पियन सुमित कुमार, भारतीय महिला हॉकी टीम की उप कप्तान नवनीत कौर, उदिता, सोनिका, निशा वारसी, महिमा चौधरी, शर्मिला, मणिपुर से भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सुशीला चानू, ज्योति रूमावत व कनिका सिवाच ने शादी समारोह में पहुंच रंगत बढ़ाई और नेहा को बधाई दी।
शादी के बाद भी जारी रखेंगी खेलना
नेहा गोयल ने कहा कि वह शादी के बाद भी खेलना जारी रखेंगी। आगे हॉकी इंडिया लीग है, उस पर फोकस करेंगी। उन्होंने कहा, ‘एक दिसम्बर से हमारा शिविर है। एशियन खेल में गोल्ड जीतने का प्रयास रहेगा ताकि ओलम्पिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर सकें।’ सुनील को जीवन साथी के रूप में पाकर नेहा बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि पिता के निधन के बाद मां के जीवन संघर्ष और कड़ी मेहनत ने यहां तक पहुंचाया और अब किस्मत ने मनचाहा जीवन साथी देकर खुशियों से दामन भर दिया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स