ओलम्पियन नवनीत कौर बनीं हॉकी टीम की उप कप्तान

शाहाबाद की छह बेटियां कर चुकीं भारतीय टीम की कप्तानी
खेलपथ संवाद
शाहाबाद मारकंडा।
शाहाबाद की बेटी हॉकी ओलम्पियन नवनीत कौर को भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। नवनीत कौर से पहले शाहाबाद की छह बेटियां भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी कर चुकी हैं और सभी खिलाड़ी कोच बलदेव सिंह से प्रशिक्षित हैं।
ओलम्पियन नवनीत कौर भारतीय महिला हॉकी टीम की एक बार फिर उप-कप्तान बनी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इससे पहले पिछले वर्ष भी एशियाई खेलों की तैयारी से पहले नवनीत कौर को उप कप्तान की जिम्मेदारी कोच यानेक शपमेन ने दी थी। उसके बाद वंदना कटारिया को टीम का उप कप्तान बनाया गया और अब एफआईएच प्रो. लीग 2023-24 के बेल्जियम और इंग्लैंड चरण के लिए नवनीत कौर को उप कप्तान बनाया गया है।
बता दें कि कुछ साल पहले तक शाहाबाद महिला हॉकी खिलाड़ियों का देश की महिला हॉकी टीम में दबदबा रहा है। पद्मश्री रानी रामपाल सहित शाहाबाद हॉकी ने देश को पांच महिला हॉकी खिलाड़ी दिए हैं। इनमें खिलाड़ी संदीप कौर, सुरेन्द्र कौर, रितू रानी, जसजीत कौर और पद्मश्री रानी रामपाल शामिल हैं लेकिन पिछले कुछ सालों से शाहाबाद हॉकी को ग्रहण लगा हुआ था, यहां से खिलाड़ी महिला हॉकी टीम में तो रही हैं, लेकिन उनके पास कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं थी।
फोन पर बातचीत में नवनियुक्त नवनीत कौर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु कोच बलदेव सिंह को दिया है और कहा कि जिस अपेक्षा के साथ भारतीय टीम की ओर से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है, वह उसे बखूबी निभाएंगी और उनका प्रयास रहेगा कि आने वाली प्रतियोगिताओं को जीत कर देश की झोली में डाला जाए।
बता दें कि नवनीत कौर सेंटर फारवर्ड खिलाड़ी हैं और अब तक 165 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर 48 गोल अपने नाम किये हैं और पहली बार ओलम्पिक क्वालीफाई का विजयी गोल भी नवनीत कौर की स्टिक से निकला था। हॉकीप्रेमियों ने कहा कि नवनीत कौर भारतीय महिला हॉकी टीम की उप कप्तान बनाये जाने की खुशी तो है लेकिन वहीं इस बात की टीस भी है कि शाहाबाद की धरती से अब महिला हॉकी खिलाड़ी तैयार नहीं हो रही हैं।
बड़ी ज़िम्मेदारी, मैं खुश हूं : नवनीत कौर
उप कप्तान नवनीत कौर ने सम्पर्क करने पर कहा कि वे इस नई जिम्मेदारी से बेहद खुश हैं। टीम की नई कप्तान सलीमा टेटे हैं, उन्हें सविता पूनिया की जगह नियुक्त किया गया है। टीम में 24 खिलाड़ी हैं। उन्होंने बताया कि बेल्जियम चरण 22 से 26 मई तक चलेगा, जबकि इंग्लैंड चरण एक जून से नौ जून तक चलेगा। भारत 22 मई को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए दोनों चरणों में अर्जेंटीना, बेल्जियम, स्पेन, ग्रेट ब्रिटेन और जर्मनी के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलेगा। अभी भारत फिलहाल एफआईएच प्रो. लीग 2023-24 में आठ मैचों में आठ अंक के साथ छठे स्थान पर काबिज़ है। नवनीत ने कहा कि बेल्जियम और इंग्लैंड में पूरी टीम बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करेगी। वहीं शाहाबाद मारकंडेश्वर स्टेडियम के पूर्व कोच बलदेव सिंह का कहना है कि नवनीत कौर को यह जिम्मेदारी देना दूरदर्शी निर्णय है। उन्हें कई कप्तानों के साथ खेलने का अनुभव है और उप कप्तान के पद पर वह पहले भी रह चुकी हैं। अब फिर बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
नवनीत कौर के उप कप्तान बनने पर भाजपा के लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, विधायक रामकरण काला, कर्णराज सिंह तूर, शालू जिंदल, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल, सरपंच नरेन्द्र राणा सढूपुर, मनीष कुमार शर्मा यारा, राजू चावला, राज सतीजा, एडवोकेट गौरव बेदी, एसोसिएशन के प्रधान सुखदीप मोहड़ी, सरपंच गगन कुमार, मुलख राज गुंबर, पार्षद ईशा सचदेवा, पार्षद आरती गुप्ता, अनीता वधवा, अंकुर सिद्धू, वीना सचदेवा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने खुशी जताई है और नवनीत कौर को इसी तरह से शानदार खेलने के लिए प्रेरित किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स