पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार

प्रशांत कुमार सिन्हा का क्षत-विक्षत शव भी बरामद
खेलपथ संवाद
जमशेदपुर।
झारखंड के हजारीबाग जिले से जमशेदपुर के एक पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी की हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें एक महिला भी शामिल है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार पुलिस टीम ने अपने हजारीबाग पुलिस के सहयोग से 20 दिनों से लापता प्रशांत कुमार सिन्हा का क्षत-विक्षत शव बरामद करने के साथ काजल सुमन और रौनक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने कहा कि आरोपी काजल सुमन (28) और उसके मित्र रौनक कुमार (19) को पुलिस टीम ने शनिवार को हजारीबाग के चड़वा पुल के नीचे से प्लास्टिक की बोरी में बंद सिन्हा का शव बरामद करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी हजारीबाग के लोहसिंघना इलाके के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे सिन्हा और काजल के बीच पैसों को लेकर विवाद माना जा रहा है। काजल ने रौनक के साथ मिलकर साजिश रची और कुछ दिन पहले हजारीबाग के हासमियां मोहल्ले में रौनक के गौशाला में सिन्हा की गला दबाकर हत्या कर दी। सिन्हा के परिजनों ने 22 मार्च को यहां बिरसानगर थाने में पैरा खिलाड़ी सिन्हा के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ की मदद से जुटाए गए सबूतों के साथ-साथ जांच टीम को मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर काजल और रौनक को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया। सिन्हा ने विभिन्न अवसरों पर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व किया था और पिछले साल युगांडा में 'पैरा-बैडमिंटन चैम्पियनशिप' में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
इस मामले में प्रेमिका काजल सुमन और उसके प्रेमी रौनक कुमार को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि काजल ने रौनक के साथ मिलकर प्रशांत की हत्या की और फिर शव को बोरे में भरकर हजारीबाग के छड़वा डैम के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी रौनक के पास से प्रशांत की कलाई घड़ी और घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली है। एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि काजल ने हत्या की बात कबूल कर ली है।

रिलेटेड पोस्ट्स