कोच-मैनेजर ने खिलाड़ी का बनाया आपत्तिजनक वीडियो

रो पड़ी बालिका हॉकी खिलाड़ी, शिकायत पर वायरल करने की दी धमकी 
खेलपथ संवाद
मथुरा।
उत्तर प्रदेश में खेलों से खिलवाड़ हो रहा है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की बजाय हतोत्साहित किया जा रहा है। ताजा मामला लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण की नगरी से जुड़ा हुआ है। एक हॉकी खिलाड़ी बेटी ने अपनी प्रशिक्षक और मैनेजर पर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने तथा शिकायत करने पर उसे वायरल कर देने का आरोप लगाकर समूचे खेलतंत्र को चौंका दिया है। इस मामले में विभाग लीपापोती करने की कोशिश कर रहा है।
मथुरा में महिला कोच-मैनेजर पर महिला हॉकी खिलाड़ी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले की गूंज शासन तक पहुंच गई। शासन ने इंटेलिजेंस स्पेशल ब्रांच से मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है। महिला खिलाड़ी का आरोप है कि महिला कोच-मैनेजर ने पद का दुरुपयोग करते हुए कपड़े उतरवाकर अश्लील नृत्य कराया। इसकी वीडियो बनाई तथा शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखने वाली मथुरा शहर की रहने वाली हॉकी खिलाड़ी का आरोप है कि वह 5 से 11 मार्च तक अयोध्या में आयोजित सब जूनियर राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने गई थी। वहां उसकी टीम के साथ महिला कोच मैनेजर भी गई थी। अयोध्या में उसके साथ महिला कोच-मैनेजर ने अभद्र व्यवहार किया। बंद कमरे में पद का दुरुपयोग करते हुए दबाव में  कपड़े उतरवाए।
इसके बाद अश्लील नृत्य कराया और वीडियो बनाया। इस घटना की किसी से शिकायत करने पर वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी गई। अयोध्या से वापस आने के बाद उसने जिला क्रीड़ा अधिकारी से मामले की शिकायत की। इस शिकायत के बाद आगरा से जांच हो रही है। मामले की गूंज शासन तक पहुंच गई। शासन के निर्देश पर इंटेलीजेंस की स्पेशल ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत सामने आने के बाद क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आगरा ने टीम के साथ गई महिला मैनेजर से मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने 25 सदस्यीय टीम, जो अयोध्या गई थी, उसके प्रत्येक सदस्य के बयान दर्ज करने का आदेश दिया है। इस गंभीर मामले पर पूरी टीम अपने बयान देगी। बयान के बाद मामले की सच्चाई भी काफी हद तक खुलकर सामने आ जाएगी। जांच में अगर आरोप सही मिले तो महिला कोच मैनेजर पर कार्रवाई होना तय है। यह पहली बार नहीं है। जब महिला खिलाड़ी ने इस तरह की शिकायत की हो। इसके पहले भी महिला खिलाड़ियों के उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि शोषण होने पर महिला खिलाड़ी डरे नहीं। खुलकर परेशान करने वाले की शिकायत करें।
इस मामले में महिला खिलाड़ी से लिखित शिकायत मिलने के बाद मथुरा के जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव ने आगरा कार्यालय को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। मामला 6 मार्च से 11 मार्च के बीच का है। अयोध्या में महिला सब जूनियर राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। आगरा की महिला कोच-मैनेजर टीम खिलाड़ियों को लेकर अयोध्या गई थी। इस टीम में मथुरा के नामचीन कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा भी शामिल थी।
प्रतियोगिता से वापस लौटने के बाद छात्रा परेशान रहने लगी। परिजनों के पूछने पर छात्रा ने आपबीती बताई। छात्रा की बात सुनने के बाद परिजनों ने उसे हिम्मत बंधाई। छात्रा ने मामले की लिखित शिकायत स्टेडियम पहुंचकर जिला क्रीड़ा अधिकारी से की। छात्रा ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि प्रतियोगिता के दौरान महिला कोच द्वारा उसे जानबूझकर परेशान किया जाता था। उसके साथ बुरा बर्ताव किया जाता था।
इस मामले पर जिला क्रीड़ा अधिकारी मथुरा राकेश कुमार यादव का कहना है कि महिला खिलाड़ी ने कोच पर परेशान करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत आगरा कार्यालय को भेज दी गई है। आगरा कार्यालय के अधिकारियों से मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। आगरा के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुनील जोशी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। खिलाड़ी ने अश्लील नृत्य कराने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। टीम के साथ अयोध्या गई महिला कोच-मैनेजर से मामले पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्हें दो दिन का समय दिया गया है। स्पष्टीकरण और मामले से जुड़े सभी तथ्य सामने आने के बाद प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिलेटेड पोस्ट्स