खेलो इंडिया यूथ गेम्स में तीसरे स्थान पर हरियाणा

तीन साल में सबसे कम पदक हासिल कर सके खिलाड़ी
खेलपथ संवाद
चेन्नई।
तमिलनाडु में खेलों इंडिया यूथ गेम्स का समापन हो गया। महाराष्ट्र चौथी बार इन खेलों में चैम्पियन बना वहीं मेजबान तमिलनाडु पदक तालिका में दूसरे तथा दो बार का चैम्पियन हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वह दूसरा स्थान हासिल नहीं कर सके। हरियाणा के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में 35 स्वर्ण सहित 103 पदक जीते।  
प्रतियोगिता में 57 स्वर्ण सहित 158 पदक जीतकर महाराष्ट्र समग्र विजेता रहा। जबकि मेजबान तमिलनाडु की टीम 38 स्वर्ण समेत 98 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रही। बुधवार को तमिलनाडु में आयोजित खेलो इंडिया प्रतियोगिता के अंतिम दिन हरियाणा के खिलाड़ी कोई पदक नहीं जीत सके। मंगलवार रात हरियाणा ने थांग-ता में स्वर्ण जीतकर अपने पदकों की संख्या 103 पहुंचाई थी, जिसमें 35 स्वर्ण, 22 रजत और 46 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा। महाराष्ट्र की टीम ने 57 स्वर्ण, 48 रजत और 53 कांस्य सहित 158 पदक जीते। मेजबान तमिलनाडु को दूसरा स्थान मिला। तमिलनाडु की टीम ने 38 स्वर्ण, 21 रजत और 39 कांस्य सहित 98 पदक जीते।
तमिलनाडु में आयोजित प्रतियोगिता में हरियाणा के 491 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इस बार राज्य के खिलाड़ी वर्ष 2022 और 2023 की तुलना में कम पदक जीत सके। प्रतियोगिता में हरियाणा ने वर्ष 2023 में 128 पदक और वर्ष 2022 में 137 पदक जीते थे। इस वर्ष यह आंकड़ा 103 ही रह गया। कुश्ती और बॉक्सिंग में हरियाणा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहलवानों ने 9 स्वर्ण, 4 रजत और 10 कांस्य सहित 23 पदक जीते। बॉक्सिंग में 7 स्वर्ण, 3 रजत और 6 कांस्य सहित 16 पदक जीते। तलवारबाजी में 5 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य सहित 14 पदक जीते। एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य सहित 11 पदक जीते।
निशानेबाजी में 3 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य सहित सात पदक जीते। तीरंदाज़ी में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक प्राप्त किया। जूडो में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 5 कांस्य सहित 7 पदक जीते। हॉकी में 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक प्राप्त किया। कबड्डी के दोनों स्वर्ण हरियाणा की झोली में आए। कलारीपयट्टू (मार्शल आर्ट) में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक प्राप्त किये। भारोत्तोलन में 1 स्वर्ण, 1 रजत, 2 कांस्य, थांग-ता (मार्शल आर्ट) में स्वर्ण, वॉलीबॉल में 1 रजत, जिमनास्टिक में 4 कांस्य, गतका में 2 कांस्य, फुटबॉल और साइकिलिंग में एक-एक कांस्य। बैडमिंटन, बास्केटबॉल, खो-खो, मलखम्ब, स्क्वैश, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस और योगा में हरियाणा को कोई पदक नहीं मिला।

रिलेटेड पोस्ट्स